दिल्ली। लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है. लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पारित होने के अगले दिन संसद परिसर में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है. संसद के मकर द्वार पर गुरुवार सुबह इंडिया गठबंधन के सांसदों ने प्रदर्शन किया और गृह मंत्री अमित शाह से जवाब देने की मांग उठाई. विपक्ष का आरोप है कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए. इनके अलावा राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर भी सपा सांसदों ने सरकार से जवाब मांगा.
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों के सांसद मौजूद रहे. कांग्रेस सांसदों ने "ऑर्डर किसने दिया?" लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया. उनका कहना है कि छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग किसके आदेश पर हुआ, इस पर सरकार को संसद में जवाब देना चाहिए.
दरअसल, बुधवार को लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि छात्रों पर कार्रवाई गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर हुई थी. इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सत्ता पक्ष के अन्य सांसदों ने कड़ा विरोध जताया था. सरकार ने राहुल गांधी से आरोपों के समर्थन में सबूत मांगे और कहा कि बिना तथ्यों के ऐसे गंभीर आरोप नहीं लगाए जा सकते.