लखनऊ को मिलेंगी दो नई आवासीय योजनाएं, CM योगी करेंगे शिलान्यास
आगरा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी वरुण विहार योजना
Lucknow. लखनऊ। राजधानी में आवासीय विकास को रफ्तार देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की दो बड़ी आवासीय योजनाओं नैमिष नगर और वरुण विहार का शुभारंभ 24 सितंबर को किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम चार बजे आगरा एक्सप्रेसवे के पास दोना ग्राम में भूमि पूजन कर दोनों योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसी के साथ दोनों योजनाओं के कुल 4520 भूखंडों की बुकिंग शुरू करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत वरुण विहार को करीब 6580 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। इस योजना के काशी और कैलाश खंड में कुल 2847 भूखंडों का पंजीयन खोला जाएगा। वहीं सीतापुर रोड क्षेत्र में लगभग 3600 एकड़ में विकसित की जा रही नैमिष नगर योजना में 1673 भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
दोनों योजनाओं को विकसित करने में करीब 650 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। अलग-अलग आय वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इनमें 72 वर्ग मीटर से लेकर 450 वर्ग मीटर तक के भूखंड उपलब्ध कराने की योजना है। भूखंड 18 मीटर से लेकर 45 मीटर तक चौड़ी सड़कों पर स्थित होंगे। वरुण विहार योजना की कनेक्टिविटी को लेकर भी बड़ी तैयारी की जा रही है। योजना को आगरा एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) को पत्र भेजा गया है। प्रस्ताव आगे बढ़ने पर इस आवासीय क्षेत्र की एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी बेहतर हो सकेगी।
इन दोनों आवासीय योजनाओं के अलावा मुख्यमंत्री पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं के कार्यों का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें अनंत नगर स्थित अदिति अपार्टमेंट और शारदा नगर स्थित वागेश्वरी अपार्टमेंट शामिल हैं। इनके भवन निर्माण पर करीब 719 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है। इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग योजना के तहत लेक व्यू, पार्क व्यू और ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट के कार्यों का भी शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं पर करीब 1446.019 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पांचों अपार्टमेंट परियोजनाओं में कुल 4150 फ्लैट तैयार किए जाएंगे।
इस तरह आवासीय योजनाओं के 4520 भूखंड और पांच अपार्टमेंट के 4150 फ्लैट मिलाकर कुल 8670 परिवारों के लिए आवासीय विकल्प तैयार होंगे। इन परियोजनाओं से राजधानी के विस्तार के साथ आवासीय, व्यावसायिक और बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, स्थानीय विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में करीब 15 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।