दिल्ली में बड़ा हादसा: चावड़ी बाजार में चार मंजिला इमारत ढही....
चावड़ी बाजार में बड़ा हादसा, इमारत ढही, रेस्क्यू जारी
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार को एक निर्माणाधीन इमारत ढहने से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अब तक चार लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है, जबकि पांच अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है।
घटनास्थल पर मौजूद एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि लगभग 60 गज के छोटे से प्लॉट पर चार मंजिला इमारत बनाई गई थी। प्रारंभिक आशंका है कि निर्माण के दौरान गीले कंक्रीट की सेंटरिंग समय से पहले हटा दी गई, जिसके कारण इमारत अचानक ढह गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। एसडीएम के मुताबिक, इमारत का गीला मलबा जमकर बेसमेंट में फंस गया है, जिससे बचाव अभियान में परेशानी आ रही है। मलबे को सावधानीपूर्वक हटाया जा रहा है, ताकि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर NDRF और MCD के करीब 30 कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने लगभग एक घंटे के भीतर मलबा हटाने की उम्मीद जताई है। हादसे के बाद आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। बचाव दल मलबे में फंसे संभावित लोगों की तलाश कर रहा है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सभी लोगों को सुरक्षित निकालना है। इमारत के निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, यह भी जांच का विषय है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।