बरनाला। पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरनाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ट्रक के केबिन में छिपाकर रखी गई 20 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मंगल राम नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो जालंधर जिले का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्य प्रदेश से अफीम की खेप लेकर पंजाब पहुंचा था और आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई करता था।
बरनाला के पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) बाल कृष्ण सिंगला ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी मंगल राम के कब्जे से राजस्थान नंबर का एक ट्रक बरामद किया गया। तलाशी लेने पर ट्रक के केबिन में छिपाई गई 20 किलो अफीम मिली। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
एसपी बाल कृष्ण सिंगला के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में पहले से नशीले पदार्थों की व्यावसायिक मात्रा से संबंधित एक एफआईआर दर्ज है। पुलिस के अनुसार, उस मामले में आरोपी लगभग छह साल तक जेल में रहा था। करीब डेढ़ साल पहले ही वह जेल से बाहर आया था। इसके बाद वह दोबारा कथित तौर पर नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय हो गया।
तीन दिन की पुलिस रिमांड मंजूर
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड हासिल की है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मध्य प्रदेश में अफीम की खेप किस व्यक्ति से प्राप्त की गई थी और पंजाब में किन लोगों तक इसे पहुंचाया जाना था। इसके अलावा पुलिस आरोपी के संभावित संपर्कों और तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ से नशीले पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आ सकती है।
Tags: