गोरखपुर। रामगढ़झील में नौका विहार के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 8:40 बजे झील में चल रही दो बोट आपस में टकरा गईं, जिससे एक बोट दूसरी बोट के ऊपर चढ़ गई और हादसे में कुशीनगर जिले के रहने वाले 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। कुछ सेकंड की लापरवाही ने रामगढ़झील की सैर को मातम में बदल दिया। पुलिस के अनुसार हादसे के समय एक बोट में नौ पर्यटक सवार थे। यह बोट प्लेटफॉर्म से झील की ओर रवाना हो रही थी।
उसी दौरान दूसरी बोट छह पर्यटकों को लेकर झील से लौटते हुए प्लेटफॉर्म की ओर आ रही थी। आमने-सामने हुई टक्कर में तेज रफ्तार से आ रही बोट दूसरी बोट के ऊपर चढ़ गई, जिससे उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल कुशीनगर जिले के हाटा क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी लखमुद्दीन, कप्तानगंज के अजीज नगर निवासी क्यामुद्दीन अंसारी, एक बालक हमजा और बोट चालक को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।
तेज रफ्तार झील से सैलानियों को लेकर लौट रही स्पीड वोट, झील में पर्यटकों को लेकर जा रही मोटरबोट पर चढ़ गई। दोनों की बोट के सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद झील में चीख-पुकार मच गई। सिर में स्पीड वोट की टक्कर से युवक की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अब हादसे के बाद झील में सुरक्षा व्यवस्था और स्पीड कंट्रोल पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीआईजी एस चेनप्पा, डीएम दीपक मीना, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एडीएम सिटी, एसडीएम सदर ने नौकायन पहुंच कर हादसे की जानकारी ली। उन्होंने हादसे की शिकार स्पीड वोट और मोटर बोट को भी देखा। कमिश्नर ने मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।