नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने ऑनलाइन गांजा तस्करी के एक कथित नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक दिल्ली एयरपोर्ट पर टेक्निकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। पुलिस के मुताबिक, अधिक कमाई के लालच में आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर ऑनलाइन माध्यम से गांजे की बिक्री कर रहा था।
नोएडा के सेक्टर-58 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 12 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में इस्तेमाल एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। डीसीपी प्रीति यादव के अनुसार, आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर ग्राहकों से संपर्क करते थे। इन ग्रुपों के जरिए गांजे की उपलब्धता और डिलीवरी से संबंधित जानकारी साझा की जाती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विशेष रूप से कॉलेज के छात्रों, हॉस्टल में रहने वाले युवाओं और नौकरीपेशा लोगों को निशाना बनाते थे। ऑनलाइन संपर्क होने के बाद ग्राहकों तक नशीले पदार्थ की डिलीवरी की जाती थी।
अमेजॉन के पैकेट में होती थी गांजे की सप्लाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजे की पैकिंग के लिए अमेजॉन के पार्सल पैकेट का इस्तेमाल करते थे। इसका उद्देश्य नशीले पदार्थों की डिलीवरी को सामान्य ऑनलाइन शॉपिंग पार्सल जैसा दिखाना था। जांच में पता चला है कि गिरोह का नेटवर्क नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न कॉलेजों और हॉस्टलों तक फैला हुआ था। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन की जांच कर रही है। व्हाट्सएप ग्रुपों से जुड़े ग्राहकों, सप्लायरों और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Tags: