BREAKING: सोलर प्लांट में भीषण आग, आसमान तक उठीं लपटें....FIRE
आग लगने के कारणों की जांच जारी
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से करीब 60 किलोमीटर दूर दूदू में शुक्रवार शाम एक बड़े सोलर प्लांट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे परिसर में ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए जयपुर, अजमेर, किशनगढ़ और आसपास के कस्बों से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। देर रात तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
शाम छह बजे सोलर प्लांट में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, यह घटना दूदू स्थित ग्रू सोलर (Grew Solar) के प्लांट में हुई। दूदू के पुलिस उपाधीक्षक अनुपम मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे प्लांट में आग लगने की सूचना मिली थी। आग तेजी से फैलने के कारण मौके पर मौजूद दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। विशाल औद्योगिक परिसर में आग की लपटें लगातार फैल रही थीं।
अजमेर और किशनगढ़ से बुलाई गईं दमकल गाड़ियां
आग की गंभीरता को देखते हुए बगरू, फुलेरा, अजमेर और किशनगढ़ से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मंगवाई गईं। दमकलकर्मियों ने प्लांट के प्रभावित हिस्सों में आग बुझाने के साथ इसे दूसरे क्षेत्रों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। आग के विकराल रूप को देखते हुए अधिकारियों ने सबसे पहले आसपास के हिस्सों को सुरक्षित रखने पर ध्यान केंद्रित किया।
आग पर काबू पाना बना बड़ी चुनौती
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने पुष्टि की कि आग ग्रू सोलर के औद्योगिक परिसर में लगी है। उन्होंने बताया कि पुलिस और दमकल की टीमें आग को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी हैं। एक अधिकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि इसे पूरी तरह बुझाना चुनौतीपूर्ण हो गया था। ऐसे में प्राथमिकता आग को प्लांट की सीमाओं से बाहर फैलने से रोकने की थी।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
शुक्रवार देर रात तक आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका था। पुलिस ने कंपनी प्रबंधन से संपर्क कर परिसर में मौजूद कर्मचारियों की जानकारी जुटानी शुरू की। फिलहाल किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन भी सामने नहीं आया है। प्रशासन आग पर नियंत्रण के बाद घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करेगा।