Delhi दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 18 नवंबर 2026 को ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन से मुलाकात की। इस दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय संबंधों, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और आर्थिक सहयोग के महत्व पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए इसे सुखद अनुभव बताया।
अर्थशॉट प्राइज की पहल की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पोस्ट में अर्थशॉट प्राइज की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल दुनियाभर में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए नई तकनीकों और नवाचारों को प्रोत्साहित कर रही है। मोदी ने पर्यावरण संबंधी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भारतीय नवाचार और प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में काम जारी रहेगा। उन्होंने हाल ही में लागू व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) का उल्लेख करते हुए दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
दोनों देशों की समृद्धि के लिए सहयोग जरूरी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच बढ़ता सहयोग दोनों देशों के नागरिकों के साथ व्यापक वैश्विक समुदाय की साझा समृद्धि में भी योगदान दे सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि व्यापार समझौते से मिली गति का लाभ उठाते हुए दोनों देश अपनी साझेदारी को और आगे बढ़ाएंगे। ब्रिटिश शाही दंपती का भारत दौरा अर्थशॉट प्राइज 2026 से भी जुड़ा है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में प्रभावी नवाचारों को बढ़ावा देना है।
Tags: