सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
इंफाल। मणिपुर में 18 और 19 अक्टूबर को हुई हिंसक घटनाओं के बाद सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। मणिपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और कोबरा कमांडो की संयुक्त टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाकर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हाल में हुए हमलों की जांच के सिलसिले में की गई है।
मणिपुर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) ल्हारी दोरजी ल्हाटू ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने बताया कि सोमवार देर शाम से सगोलमांग थाना क्षेत्र के आसपास पहाड़ी इलाकों और पड़ोसी गांवों में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया।
हथियारों के साथ 1,095 कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान इंसास राइफल, एम-16 राइफल, एके-47, स्नाइपर राइफल, तीन सिंगल-बोर राइफल और हाथ से निर्मित रॉकेट लॉन्चर समेत विभिन्न हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा 1,095 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए।
हमले में तीन ग्रामीणों की हुई थी मौत
19 अक्टूबर को इंफाल पूर्व के सुनुरोक पहाड़ी इलाके में लकड़ी इकट्ठा करने गए ग्रामीणों पर हथियारबंद हमलावरों ने गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीन संदिग्धों में से दो ने प्रारंभिक पूछताछ में हमले में शामिल होने की बात स्वीकार की है। तीसरे व्यक्ति की भूमिका की जांच जारी है।
एडीजीपी ने कहा कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और हिंसा की पुनरावृत्ति रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।