सोनम वांगचुक ने खत्म की भूख हड़ताल...जंतर-मंतर पर डटे हैं कॉकरोच जनता पार्ट के प्रदर्शनकारी
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के बाद सोशल एक्टविस्ट सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। वांगचुक 28 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनके साथ अन्य लोग भी थे, जिनमें AISA के तीन सदस्य भी शामिल थे। CJP नेताओं ने बताया कि सरकार की ओर से बातचीत की पहल किए जाने के बाद यह फैसला लिया गया।
दरअसल, रविवार को वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा था कि यदि राजनीतिक दल संसद के मानसून सत्र में शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही का मुद्दा उठाने का भरोसा देते हैं, तो वांगचुक अपना अनशन समाप्त कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि वांगचुक चाहते हैं कि 'चलो संसद' मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे।
सोमवार को केंद्र सरकार की ओर से CJP से बातचीत की पहल हुई। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास और नेता आशुतोष रांका केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मिलने पहुंचे। CJP का कहना है कि उनकी मांगें स्पष्ट हैं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जयप्रकाश नड्डा ने एक्स पर ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी देते हुए लिखा- “आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 AM से ही हमारी बातचीत जारी है। सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुलाकात हुई। उनके डेलीगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई और उनके द्वारा लगभग 4 बजे मुझे लिखित याचिका दी गई।”
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने अपना अनशन तोड़ दिया था। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के 3 सदस्यों ने भी भूख हड़ताल को समाप्त कर दिया है।। अभिनेत्री एवं पूर्व सांसद शबाना आज़मी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा और अभिनेता प्रकाश राज ने अनशन स्थल पर इन कार्यकर्ताओं को तरल पिलाकर अनशन तुड़वाया था।