कोलंबिया में सोमवार(10 अगस्त0 को 7.4 तीव्रता के भूकंप ने तबाही मचाई है. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप से मरने वालों की संख्या 77 से बढ़कर 111 हो गई है और कई इमारतें ढह गईं. अमेरिकीजियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप 12:34 यूटीसी यानी स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 7:34 बजे आया. इसका केंद्र कोलंबिया के चोको विभाग में सैन जोस डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व में था. भूकंप करीब 107 किलोमीटर की गहराई में आया.
पेरेरा के मेयर ने बताया कि भूकंप में 18 लोगों की मौत हुई है. वहीं, मनिजालेस के मेयर ने बीएलयू रेडियो को बताया कि शहर में दो लोगों की मौत हुई. अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने भूकंप के बाद किसी सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की. भूकंप के झटके कोलंबिया के कई हिस्सों में महसूस किए गए. वेनेजुएला में भी इसके झटके महसूस किए गए.
भूकंप के बाद नुकसान की तस्वीर धीरे-धीरे सामने आई. कैली के मेयर अलेजांद्रो एदेर ने बताया कि शहर में कम से कम 20 इमारतें ढह गई हैं और कुछ इमारतों में लोग फंसे हुए हैं. उन्होंने कहा कि राहत और बचाव दल मौके पर काम कर रहे हैं और बोगोटा तथा मेडेलिन के मेयरों से बचाव दल भेजने का अनुरोध किया गया है. उन्होंने लोगों से शांत रहने और इमारतों में किसी तरह के नुकसान की जांच करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अगर लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं या इमारत में बड़ी दरारें दिखाई दे रही हैं तो वहां से बाहर निकल जाएं.