गांदरबल। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुंड इलाके में सुंबल बाला के पास एसएसजी रोड पर पर्यटकों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा। हादसे में कम से कम 18 पर्यटक घायल हो गए। इनमें से आठ घायलों को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SKIMS), सौर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया। जानकारी के मुताबिक, पर्यटकों को लेकर जा रहा टेम्पो ट्रैवलर सुंबल बाला के पास सड़क से फिसल गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
18 पर्यटक घायल, 8 को SKIMS रेफर
हादसे में घायल 18 पर्यटकों में से आठ को विशेष उपचार के लिए श्रीनगर स्थित SKIMS अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायल यात्रियों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुंड में उपचार और निगरानी की जा रही है।
LG मनोज सिन्हा ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों, गांदरबल के उपायुक्त और SKIMS के निदेशक से बातचीत की। उन्होंने कहा कि गुजरात और पश्चिम बंगाल के आठ घायल पर्यटकों को SKIMS रेफर किया गया है। अधिकारियों और अस्पताल निदेशक को निर्देश दिया गया है कि घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार उपलब्ध कराया जाए। उपराज्यपाल ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
सुंबल बाला में हुए इस सड़क हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है। प्रशासन की ओर से आठ पर्यटकों को विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Tags: