अलीगढ़ में सपा ने आज बैठक बुलाई

Update: 2026-07-26 01:37 GMT

यूपी। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों की आज यूपी के अलीगढ़ में क्वार्सी स्थित पार्टी कार्यालय पर आपात बैठक बुलाई गई है। जिसमें सभी फ्रंटल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अनुशासन व संविधान का पाठ पढ़ाया जाएगा। कलक्ट्रेट पर हुए बवाल के बाद समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी युवा नेताओं को अनुशासन बताएंगे।

कलक्ट्रेट गेट के सामने 24 जुलाई को धरना प्रदर्शन के दौरान यूथ पदाधिकारियों ने इंस्पेक्टर को दौड़ा लिया, जिसके कारण कई युवा सपा नेताओं पर मुकदमा हो गया। दो को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया। इस प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आत्ममंथन किया। जिसके बाद रविवार को आपात बैठक बुलाई गई है। बैठक का उद्देश्य केवल यूथ के पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं को अनुशासन, पार्टी की गाइड लाइन व संविधान के तहत प्रोटेस्ट करने की सीख दी जाएगी। धरने के दौरान पार्टी के अधिकांश लोग बयानबाजी कर रहे थे। जिसको लेकर भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। पार्टी व संगठन जिस नेता को बयान के लिए अधिकृत करेगा वही बयान जारी करेगा। अनुशासन में रहकर व पार्टी की गाइड लाइन के अनुसार विरोध को दर्ज कराना है। सपा प्रवक्ता डा. बादशाह खान ने बताया कि रविवार को पार्टी कार्यालय पर भी फ्रंटलों की बैठक होगी।

समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी शनिवार को एसएसपी से मुलाकात करने के लिए गए थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद उन्होंने सीओ तृतीय से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के युवा पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे व गिरफ्तारी को लेकर सपा महानगर के पदाधिकारियों ने सीओ से चर्चा की। हालांकि इस मामले में पुलिस प्रशासन अभी किसी तरह की रियायत देने के मूड में नहीं है।

Tags:    

Similar News