बारिश के बीच दर्दनाक हादसा, ड्यूटी पर जा रहे युवक की मौत

बड़ी खबर

Update: 2026-07-10 18:02 GMT
Noida. नोएडा। लगातार हो रही बारिश के बीच उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-57 में ड्यूटी पर जा रहे 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद युवक की मौत को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। जहां परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश के पानी से ढके खुले नाले में गिरने से उसकी जान गई, वहीं नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि युवक की मौत बिजली के पोल में करंट उतरने के कारण हुई।

मृतक की पहचान ग्राम चौड़ा, सेक्टर-22 निवासी आर्यन (28) पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे आर्यन अपने साथी शुभम के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-57 इलाके में भारी जलभराव के बीच यह हादसा हो गया। नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, बारिश के कारण क्षेत्र में जलभराव था और एक बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट होने से करंट उतर आया था। जैसे ही आर्यन उस स्थान से गुजरे, वे करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर पानी में गिर पड़े।

आर्यन के साथ मौजूद उनके साथी शुभम ने बिना देर किए उन्हें जिला अस्पताल, सेक्टर-39 पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क और खुले नाले के बीच का अंतर दिखाई नहीं दे रहा था। उनका दावा है कि आर्यन पानी से भरे खुले नाले में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खुले नालों को ढकने और जलभराव रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए गए होते तो इस हादसे को टाला जा सकता था।

प्राधिकरण ने करंट को बताया हादसे की वजह
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जीएम) एस.पी. सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत बिजली के पोल में करंट आने से हुई प्रतीत होती है। उनके अनुसार, बारिश के दौरान बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे करंट आसपास के पानी में फैल गया और युवक इसकी चपेट में आ गया। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कर रही जांच
थाना सेक्टर-58 पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के निरीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। इसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बारिश के मौसम में जलभराव और बिजली संबंधी हादसों की बढ़ती घटनाओं ने एक बार फिर शहरी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खुले नालों को सुरक्षित करने, जल निकासी व्यवस्था मजबूत बनाने और बिजली के पोलों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Tags:    

Similar News