दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर आयोजित ‘दिवाली मंगल मिलन’ समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के कई नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात कर दिवाली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के बाद टीएस सिंहदेव ने कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी मेलजोल और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा, "आज लोगों से मिलने-जुलने का दिन है। मैंने अपने नेता और पार्टी के साथी सदस्यों से मुलाकात की। सभी ने एक-दूसरे को त्योहार की बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन से यह भावना और मजबूत हुई कि हम सभी एक साथ हैं। उन्होंने बताया कि दिवाली मंगल मिलन समारोह में पार्टी के नेताओं और सहयोगियों से मुलाकात का अवसर मिला। सभी ने उत्सव के माहौल में एक-दूसरे के साथ समय बिताया और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
राहुल गांधी के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के बीच मेलजोल और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। दिवाली के अवसर पर आयोजित यह समारोह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सहयोगियों के लिए एक-दूसरे से मिलने का अवसर बना। छत्तीसगढ़ की राजनीति में प्रमुख भूमिका निभा चुके टीएस सिंहदेव कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। उनका दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होना भी चर्चा का विषय रहा। हालांकि, सिंहदेव ने अपने बयान में किसी राजनीतिक बैठक, संगठनात्मक बदलाव या रणनीतिक चर्चा का उल्लेख नहीं किया। उन्होंने मुख्य रूप से त्योहार की शुभकामनाओं और पार्टी नेताओं के बीच आपसी एकजुटता पर जोर दिया।
Tags: