Delhi दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दो सब-इंस्पेक्टरों को रिश्वत के एक मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर एनडीपीएस मामले में झूठा न फंसाने के बदले 50 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई ने 14 नवंबर को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, दिल्ली जोनल यूनिट, आर.के. पुरम, नई दिल्ली के आरोपी सब-इंस्पेक्टर और जांच अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोप है कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता को एनडीपीएस यानी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के मामले में झूठा न फंसाने के बदले 50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
सत्यापन के दौरान पता चला कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने 25 लाख रुपए की मांग की थी और मामले में मदद करने के लिए रिश्वत के तौर पर 12 लाख रुपए लेने पर सहमति जताई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने जाल बिछाने की योजना बनाई। सीबीआई ने 14 नवंबर 2026 को ही एक जाल बिछाया और आरोपी सब-इंस्पेक्टर को एनसीबी के ही एक अन्य सब-इंस्पेक्टर के जरिए शिकायतकर्ता से 12,00,000 रुपए की रिश्वत मांगते और लेते हुए पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने दोनों को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।आगे की जांच जारी है।
सीबीआई इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस रिश्वत के खेल में और भी अधिकारी शामिल थे और क्या आरोपियों ने पहले भी इस तरह से किसी से रिश्वत ली थी। एनडीपीएस जैसे गंभीर कानून के नाम पर डराकर रिश्वत मांगने का यह मामला बेहद गंभीर माना जा रहा है। भ्रष्ट लोक सेवकों के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो की यह सख्त कार्रवाई भ्रष्टाचार को रोकने के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सीबीआई ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भ्रष्टाचार दिखाई देता है या कोई लोक सेवक उनसे रिश्वत की मांग करता है, तो उन्हें ऐसे मामलों की रिपोर्ट करने के लिए आगे आना चाहिए।
Tags: