UPDATE: जंतर-मंतर पर फिर बवाल, पत्थरबाजी में 2 ACP समेत 5 पुलिसकर्मी घायल,
पुलिस कार्रवाई
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और टॉलस्टॉय मार्ग इलाके में बुधवार रात एक बार फिर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिसमें 2 एसीपी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8.30 बजे के आसपास कुछ लोगों ने पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों पर हमला शुरू कर दिया। उपद्रवियों की ओर से पथराव किए जाने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के उग्र होने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज किया गया।
इस घटना में एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत भी घायल हुए। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा तलवार और खुखरी जैसे हथियार लहराने की भी सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच कुछ अराजक तत्व शामिल हो गए और उन्होंने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाए। फिलहाल जंतर-मंतर क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि कनॉट प्लेस और टॉलस्टॉय मार्ग पर अभी भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है। इस बीच नई दिल्ली क्षेत्र में इंटरनेट सेवाओं पर भी असर देखने को मिला। सूत्रों के अनुसार, इंटरनेट प्रतिबंध के बावजूद जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, टॉलस्टॉय मार्ग और जनपथ क्षेत्र में मैसेजिंग गतिविधियां जारी रहीं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं प्रदर्शनकारियों के बीच किसी तरह का समन्वय या हिंसा भड़काने की योजना तो नहीं थी। प्रशासन का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।