छिपा PLA का वांछित उग्रवादी गिरफ्तार, CCTV फुटेज से क्राइम ब्रांच ने दबोचा
मणिपुर पुलिस
दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मणिपुर के प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) से जुड़े एक वांछित उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय आरके रेगन सिंह उर्फ गांधी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह मणिपुर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत दर्ज दो मामलों में वांछित था और अपनी पहचान छिपाकर दिल्ली में रह रहा था।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज-1 टीम ने आरोपी को दक्षिण दिल्ली के यूसुफ सराय इलाके से पकड़ा। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने का सहारा लिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने एम्स के आसपास के इलाकों से संदिग्ध की तलाश शुरू की थी। इस दौरान आसपास के होटलों और अन्य संभावित ठिकानों की जांच की गई। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस को आरोपी की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए मणिपुर पुलिस से भी संपर्क किया। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय के बाद उसकी पहचान की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाकर राजधानी में रह रहा था। हालांकि, लगातार निगरानी और जांच के बाद पुलिस टीम उसे पकड़ने में सफल रही।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने इस कार्रवाई से संबंधित जानकारी दी। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को मणिपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब मणिपुर पुलिस आरोपी से संबंधित लंबित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। जांच एजेंसियां उसकी कथित गतिविधियों और संपर्कों की भी पड़ताल कर सकती हैं।