मनीला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर सोमवार को रवाना हो गए। डिप्लोमेसी के लिहाज से ये काफी महत्वपूर्ण यात्रा है, तो वहीं वहां बसे भारतीय मानते हैं कि उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। आईएएनएस से बात करते हुए सबने इसे अभूतपूर्व बताते हुए प्रधानमंत्री की मेहनत और देश की अर्थव्यवस्था को एक मुकाम तक पहुंचाने के प्रयासों का उल्लेख किया।
तीन दशक से ज्यादा का समय मनीला में गुजार चुके ट्रैवल एजेंसी के मालिक अर्जुन श्रॉफ ने कहा, "हमारे लिए ये गर्व का पल है। वो दूसरी बार यहां आ रहे हैं। इस बार कई एशियाई देशों के प्रतिनिधियों को पीएम से मिलने का मौका मिलेगा। चर्चा परिचर्चा होगी और देश दुनिया के फायदे की बात होगी।"
57 साल से मनीला में रह रहे बिजनेसमैन विष्णु हाथीरमानी खुद को पीएम मोदी का प्रशंसक बताते हैं। उनके अनुसार वो ही नहीं बल्कि पीएम का हर कोई फैन है। उन्होंने कहा, "इस दौरे से उम्मीदें बहुत हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाएं भी कम नहीं हैं। हम काफी खुश हैं कि हमारे राष्ट्रपति और पीएम मोदी के बीच संबंध काफी सहज है। पिछले कुछ वर्षों में वीजा को लेकर समझौता हुआ, भारत और फिलीपींस के बीच सीधी और कनेक्टिंग उड़ानों के तीन विकल्प हमारे पास हैं, हम डिफेंस डील की बात कर रहे हैं, ब्रह्मोस पर चर्चा हो रही है, और टूरिज्म की बात हो रही है। कुल मिलाकर अवसर कम नहीं हैं। यहां प्रवासी भारतीयों की संख्या करीब डेढ़ लाख है और सब मिलजुलकर रहते हैं। हम पीएम मोदी के आगमन से काफी उत्साहित हैं और सभी भारतीय काफी गदगद हैं।"
भारतीय मूल की शिल्पी जायसवाल को उम्मीद है कि जो पिछली बार नहीं हो पाया, वो इस बार पूरा होगा और वो पीएम मोदी से मिल पाएंगी। उन्होंने कहा, "जिस तरह उन्होंने भारत का नेतृत्व किया, जब हम देख रहे हैं कि भू राजनीतिक हालात ठीक नहीं हैं, फिर भी हमारी अर्थव्यवस्था पटरी पर है। ये बहुत महत्वपूर्ण है। चार साल से मैं फिलीपींस में हूं और मानती हूं कि दोनों देशों की संस्कृति में काफी समानता है। इस लिहाज से अवसरों की कमी नहीं है। दोनों देशों के बीच पारस्परिक सहयोग की संभावनाएं व्यापक हैं। चाहे वो कृषि क्षेत्र हो, आर्थिक क्षेत्र हो या फिर औद्योगिक क्षेत्र, मुझे लगता है हम लोग इन क्षेत्रों में मिलकर काफी कुछ अच्छा कर सकते हैं।"
प्रधानमंत्री मोदी से मिलने की इच्छा 12-13 साल के विहान सिंह की भी है। उन्होंने कहा,"मुझे एक भारतीय होने के नाते गर्व की अनुभूति हो रही है और उनसे मिलने को मैं लालायित हूं।"
ऐसा ही कुछ प्रीति परवानी भी मानती हैं। अल्फा ओमेगा इम्पेक्स फिलीपींस की उपाध्यक्ष प्रीति परवानी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का फिलीपींस आना एक बहुत अच्छा सहयोग है। इससे भारत और फिलीपींस करीब आते हैं, और फिलीपींस के लोगों तथा भारतीयों, दोनों के ही रूप में हम खुद को अधिक गौरवान्वित महसूस करते हैं।"
टीकम चेलानी भी पीएम मोदी के वैश्विक कद की बात करते हैं। उनके अनुसार पीएम ने दुनिया के मानचित्र पर भारत का नाम बढ़ाया है। हम जो अपने देश से दूर रहते हैं बता सकते हैं कि पीएम पद जब से उन्होंने संभाला है तब से भारतीयों का मान बढ़ा है।
भारतीय मूल की मनीषा गांधी कहती हैं, "भारतीय नागरिक होने पर हमें बहुत खुशी और गर्व है। हमें इस बात की बहुत खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने और एशियाई शिखर सम्मेलन (एशियन समिट) में हिस्सा लेने के लिए यहां आ रहे हैं। यह एक बहुत ही शानदार मौका है, और हम उनके यहां आने पर उनसे मिलने के लिए बेहद उत्साहित हैं। "
Tags: