नई दिल्ली: छठ महापर्व में सूर्य देव के साथ छठी मैया की पूजा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया संतान की रक्षा करने वाली और उन्हें लंबी आयु व अच्छा स्वास्थ्य देने वाली देवी हैं। यही वजह है कि छठ पर्व पर महिलाएं अपनी संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए कठिन निर्जला व्रत रखती हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि छठी मैया का संबंध भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र भगवान कार्तिकेय से भी है? इतना ही नहीं, उन्हें मां दुर्गा का स्वरूप भी माना जाता है। आइए जानते हैं छठी मैया से जुड़ी इस पौराणिक मान्यता के बारे में।
भगवान कार्तिकेय से छठी मैया का संबंध
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया को षष्ठी देवी और देवसेना के नाम से भी जाना जाता है। देवी भागवत पुराण के अनुसार छठी माता को भगवान कार्तिकेय की पत्नी बताया गया है। भगवान कार्तिकेय को देवताओं का सेनापति और युद्ध का देवता माना जाता है।
धार्मिक कथाओं के अनुसार, देवसेना का संबंध मातृशक्ति से है। उन्हें संतान की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। इसी वजह से छठी मैया की पूजा में संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना की जाती है।
छह कृतिकाओं से भी जुड़ी है छठी मैया की कहानी
भगवान कार्तिकेय के जन्म से जुड़ी एक पौराणिक कथा में छह कृतिकाओं का उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि भगवान कार्तिकेय का पालन-पोषण इन छह माताओं ने किया था। इसी कारण उनका नाम षडानन भी पड़ा, जिसका अर्थ है छह मुख वाले। छह माताओं और मातृशक्ति से जुड़ी इस कथा को भी षष्ठी देवी जोड़ा जाता है। यही वजह है कि छठी मैया को मातृत्व और बच्चों की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है।
प्रकृति का छठा अंश हैं षष्ठी देवी
देवी भागवत पुराण के अनुसार, षष्ठी देवी को प्रकृति की छठी अंश माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि वे प्रकृति की मूल शक्ति का स्वरूप हैं। इसी कारण उनका नाम षष्ठी पड़ा। उन्हें ऐसी देवी माना जाता है, जिनकी कृपा से संतान को अच्छा स्वास्थ्य, लंबी आयु और सुखी जीवन प्राप्त होता है। बच्चों के जन्म के छठे दिन भी षष्ठी देवी की पूजा की जाती है।
क्यों कहा जाता है छठी मैया को मां दुर्गा का स्वरूप?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया आदिशक्ति का ही एक स्वरूप हैं। मां दुर्गा जिस तरह अपने भक्तों की रक्षा करती हैं, उसी तरह षष्ठी देवी को भी बच्चों और परिवार की रक्षक माना जाता है। उन्हें मातृशक्ति और संतान सुख प्रदान करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। इसी कारण छठी मैया को देवी दुर्गा का स्वरूप माना जाता है।