नई दिल्ली: भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर रमेश पोवार को सीनियर पुरुष चयन समिति में शामिल किया गया है, जबकि पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा को मुख्य चयनकर्ता बनाया गया है। BCCI ने सोमवार को बताया कि प्रज्ञान ओझा को वरिष्ठता के आधार पर चयन पैनल का चेयरमैन बनाया गया है, क्योंकि पैनल के पांच सदस्यों में से उन्होंने सबसे ज्यादा (24) टेस्ट मैच खेले हैं।
अब इस चयन समिति में प्रज्ञान ओझा, रमेश पोवार, शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा शामिल हैं। रमेश पोवार के नाम की सिफारिश क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने सर्वसम्मति से की थी। इस समिति में अशोक मल्होत्रा ​​और जतिन परांजपे शामिल थे, जिन्होंने पिछले हफ्ते BCCI मुख्यालय में आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू लिया था।
मीडिया  को मिली जानकारी के अनुसार, रमेश पोवार का इंटरव्यू जूनियर चयन समिति के सदस्य के पद के लिए भी लिया गया था। 48 वर्षीय पोवार ने 2004 से 2007 के बीच भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं और उनके पास इस भूमिका के लिए काफी अनुभव है। उन्होंने वसीम जाफर, सलिल अंकोला, जैकब मार्टिन और कॉनर विलियम्स जैसे पूर्व भारतीय और वेस्ट ज़ोन के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह जगह हासिल की।
मुंबई के रहने वाले रमेश पोवार दो बार भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में टीम ने एशिया कप का खिताब जीता और 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल हासिल किया। उनका दूसरा कार्यकाल तब खत्म हुआ जब उन्हें बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (जिसे अब BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कहा जाता है) में स्पिन-बॉलिंग कोच के रूप में भेज दिया गया।
रमेश पोवार ने मुंबई को विजय हजारे ट्रॉफी जिताने में भी कोच के तौर पर मदद की थी। हाल ही में पद छोड़ने से पहले, वे पिछले दो सीज़न तक गुजरात की सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच रहे थे। इसके अलावा, उन्होंने भारत के खिलाफ हाल ही में हुई वनडे सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के लिए कंसल्टेंट कोच के रूप में भी काम किया था।
सीनियर चयन पैनल में यह जगह तब खाली हुई थी, जब मुख्य चयनकर्ता के पद से अजीत अगरकर हट गए थे। “BCCI, पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान श्री अजीत अगरकर की प्रतिबद्धता, दृढ़ विश्वास और योगदान के लिए उनकी सराहना करता है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा, “जुलाई 2023 में अपनी नियुक्ति के बाद से, अगरकर ने भारतीय क्रिकेट के एक महत्वपूर्ण दौर में समिति का नेतृत्व किया। इस दौरान भारत ने तीन ICC ट्रॉफियां, दो एशिया कप खिताब और एशियाई खेलों में लगातार स्वर्ण पदक जीते।”
जुलाई 2023 में कार्यभार संभालने वाले अगरकर के कार्यकाल में भारतीय पुरुष क्रिकेट ने काफी सफलता हासिल की। ​​इस दौरान टीम ने तीन ICC ट्रॉफियां, दो एशिया कप खिताब और एशियाई खेलों में लगातार स्वर्ण पदक जीते। वरिष्ठ पुरुष चयन समिति: प्रज्ञान ओझा (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा, रमेश पोवार।
Tags: