2023 एशेज सीरीज के दौरान लॉर्ड्स में मेरे खिलाफ हुई थी नस्लभेदी टिप्पणी: उस्मान ख्वाजा
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'सब्र' में 2023 एशेज सीरीज के दौरान लॉर्ड्स में हुई विवादित घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया है। ख्वाजा ने आरोप लगाया है कि जॉनी बेयरस्टो के विवादित स्टंपिंग के बाद लॉर्ड्स में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के एक सदस्य ने उनके साथ नस्लभेदी गाली-गलौज की थी।
क्रिकइन्फो के मुताबिक, यह घटना दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन लंच के दौरान हुई थी। जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी दर्शकों की हूटिंग और गाली के बीच पवेलियन लौट रहे थे, तब एक एमसीसी सदस्य ने ख्वाजा के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।
मैच के दौरान स्काई स्पोर्ट्स पर दिखाए गए फुटेज में भी ख्वाजा एक एमसीसी सदस्य से भिड़ते हुए दिखे थे, जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लॉन्ग रूम से गुजर रहे थे। उन्हें अवे ड्रेसिंग रूम की ओर जाने से पहले स्टीवर्ड्स को एक अन्य सदस्य के बारे में बताते हुए भी देखा गया था।
अपनी किताब में इस घटना के बारे में बताते हुए, ख्वाजा ने कहा कि सदस्यों ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को बार-बार गालियां दीं। एक सदस्य ने उनके कान में चिल्लाया, फिर दूसरे सदस्य ने नस्लभेदी गाली दी, जिससे उनका गुस्सा फूट पड़ा।
ख्वाजा ने लिखा, "यह ऐसा था जैसे कुत्तों का झुंड अपना अगला खाना खाने वाला हो। वे एक साथ गाली-गलौज कर रहे थे। मुझे यकीन नहीं हो रहा था कि मैं क्या सुन रहा हूं। पहले तो मैं बस हंसा, ज्यादातर शॉक में। क्या यह लॉन्ग रूम था? दुनिया के सबसे मशहूर नेक क्रिकेट क्लब का हिस्सा, जहां वेटिंग लिस्ट 30 साल से ज्यादा की थी? या हम हॉलीज के साथ थे? और हॉलीज का कोई अपमान नहीं, क्योंकि उन्होंने हमारे साथ कभी ऐसा बर्ताव नहीं किया।"
उन्होंने लिखा है, "किसी ने मेरे कान में चिल्लाया – क्योंकि हमारे बीच सिर्फ एक रस्सी और लगभग 20 सेंटीमीटर की दूरी थी। 'मेरे कान में दोबारा चिल्लाने की हिम्मत मत करना, बेवकूफ,' मैंने पहले आदमी से कहा। फिर जब मैं आगे बढ़ा, और मैंने किसी और को यह कहते सुना, 'चुप रहो, तुम। मैं अपना आपा खो बैठा।"
ख्वाजा ने साफ किया कि वह उस व्यक्ति की पहचान नहीं कर सके जिसने कथित तौर पर नस्लभेदी गाली का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने उस पहले सदस्य का सामना किया था जिसे वह जिम्मेदार मानते थे।
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि यह असल में कौन था। मैं यह साफ करना चाहता हूं कि मुझे पता है कि कुछ लोगों को एमसीसी से बैन मिला है। मुझे बस इतना पता है कि मैंने पहले आदमी का सामना किया जिसे मैंने देखा, मुझे लगा कि वह वही है। वह अभी भी मेरे चेहरे पर चिल्ला रहा था, थूक रहा था और चीख रहा था, इसलिए मैं बस यही मान सकता था कि यह वही है। मैंने सिक्योरिटी से कहा, 'इस आदमी को यहां से बाहर निकालो।"
उस्मान ख्वाजा आजकल अपनी नई किताब 'सब्र' को लेकर चर्चा में हैं। किताब में उन्होंने अपने करियर की अहम घटनाओं का उल्लेख किया है।