नई दिल्ली: Vodafone Idea (Vi) ने अपने यूजर्स के लिए नया एंटरटेनमेंट पैक लॉन्च किया है। कंपनी के Vi Movies & TV प्लेटफॉर्म पर आए इस पैक की कीमत सिर्फ 35 रुपये है। खास बात यह है कि इसमें यूजर्स को 6 रीजनल OTT प्लेटफॉर्म में से अपनी पसंद के कोई भी 2 प्लेटफॉर्म चुनने का ऑप्शन मिलता है। इन प्लेटफॉर्म पर 9 भारतीय भाषाओं में फिल्में और शोज देखे जा सकते हैं। इस पैक में 28 दिनों के लिए OTT का एक्सेस मिलेगा। इसके अलावा कंपनी 1GB डेटा भी दे रही है, जिसकी वैलिडिटी 7 दिन है।
Vi का यह नया पैक उन यूजर्स के लिए है, जो अलग-अलग रीजनल भाषाओं में फिल्में और वेब सीरीज देखना पसंद करते हैं। इसमें SonyLIV South, Chaupal, ManoramaMAX, KLiKK, AddaTimes और Aao NXT जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं। यूजर्स इनमें से अपनी पसंद के कोई भी दो प्लेटफॉर्म चुन सकते हैं। खास बात यह है कि दोनों प्लेटफॉर्म एक ही भाषा के होने जरूरी नहीं हैं। यूजर अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग भाषाओं वाले प्लेटफॉर्म भी चुन सकते हैं।
भाषाओं की बात करें तो SonyLIV South पर तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ कंटेंट मिलेगा। वहीं, Chaupal पर पंजाबी, हरियाणवी और भोजपुरी भाषा के प्रोग्राम देखे जा सकते हैं। ManoramaMAX पर मलयालम कंटेंट उपलब्ध है। इसके अलावा KLiKK और AddaTimes पर बंगाली मनोरंजन का ऑप्शन मिलेगा। वहीं, Aao NXT पर ओड़िया भाषा का कंटेंट देखा जा सकेगा। इस तरह कंपनी के नए पैक में कुल 9 भारतीय भाषाओं का कंटेंट शामिल है।
वैलिडिटी की बात करें तो ₹35 के इस पैक में चुने गए दोनों OTT प्लेटफॉर्म का एक्सेस 28 दिनों के लिए मिलेगा। इसके साथ मिलने वाला 1GB डेटा 7 दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकेगा। ध्यान देने वाली बात है कि यह मोबाइल-ओनली पैक है, यानी OTT कंटेंट देखने के लिए यूजर्स को मोबाइल पर Vi Movies & TV ऐप का इस्तेमाल करना होगा। इस पैक का फायदा लेने के लिए यूजर के Vi नंबर पर पहले से कोई एक्टिव सर्विस वैलिडिटी वाला रिचार्ज होना जरूरी है।
इस पैक को Vi ऐप या अधिकृत थर्ड-पार्टी रिचार्ज प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदा जा सकता है। रिचार्ज करने के बाद यूजर्स को Vi Movies & TV ऐप में अपने Vi मोबाइल नंबर से लॉगइन करना होगा। इसके बाद अपनी पसंद के दो OTT प्लेटफॉर्म चुनकर उनका कंटेंट देखा जा सकता है।
Tags: