नई दिल्ली: अमेरिका में अमीर परिवारों के बीच ज्यादा बच्चे पैदा करने का चलन बढ़ रहा है। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के सबसे अमीर 1% परिवारों में से करीब आधे परिवारों के तीन या उससे ज्यादा बच्चे हैं। वहीं, कम कमाई वाले परिवारों में तीन बच्चों वाले परिवारों की संख्या करीब 40 से 43% है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमीर परिवारों में ज्यादा बच्चे रखने का चलन 1990 के दशक से बना हुआ है। इसके उलट, कम आय वाले परिवारों में बड़े परिवार रखने की प्रवृत्ति कम हो रही है। इसकी एक बड़ी वजह बच्चों की परवरिश पर लगातार बढ़ता खर्च है।
तीसरे बच्चे को मान रहे स्टेटस सिंबल
अर्थशास्त्री माइक कॉन्जल के मुताबिक, अमीर परिवारों के लिए तीसरा बच्चा अब स्टेटस सिंबल यानी रुतबे की निशानी बन गया है। महंगाई और बच्चों की परवरिश पर बढ़ते खर्च का असर आम परिवारों पर ज्यादा पड़ रहा है। यही वजह है कि कम और मध्यम आय वाले परिवार बच्चों की संख्या सीमित रखने को मजबूर हैं।
मिडिल क्लास परिवारों को अपनी कमाई से घर का किराया, बिजली-पानी के बिल, बचत और बच्चों की जरूरतों का खर्च संभालना पड़ता है। ऐसे में तीसरा बच्चा होने पर परिवार का बजट और बिगड़ सकता है। लेकिन सबसे अमीर 1% परिवारों पर इन खर्चों का उतना असर नहीं पड़ता।
एक बच्चे की परवरिश में खर्च होते हैं करीब 3 करोड़ रुपये
अमेरिकी कंपनी लेंडिंगट्री की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में एक बच्चे को जन्म से लेकर 18 साल की उम्र तक पालने में औसतन करीब 3 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। इस हिसाब से हर साल लगभग 15 लाख रुपये का खर्च आता है। इस रकम में बच्चे का खाना, रहने की व्यवस्था, आने-जाने, स्वास्थ्य बीमा और देखभाल जैसे खर्च शामिल हैं। हालांकि, यह एक औसत अनुमान है। वास्तविक खर्च परिवार की आमदनी, रहने की जगह और बच्चे की जरूरतों के आधार पर कम या ज्यादा हो सकता है।
शुरुआती पांच साल में सबसे ज्यादा खर्च
बच्चे के जन्म के बाद शुरुआती पांच साल परिवार के लिए सबसे ज्यादा खर्च वाले होते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान बच्चे की परवरिश पर हर साल औसतन करीब 26 लाख रुपये खर्च होते हैं। इसकी मुख्य वजह डे-केयर और बच्चों की देखभाल से जुड़ी दूसरी सेवाओं का महंगा होना है। इसके बाद 6 से 18 साल की उम्र के बीच औसत सालाना खर्च घटकर करीब 10.7 लाख रुपये रह जाता है। हालांकि, इस उम्र में भी खाने-पीने, घर, आने-जाने और स्वास्थ्य से जुड़े खर्च परिवारों को उठाने पड़ते हैं।
Tags: