ट्रंप कभी भी मारे जा सकते है, ईरानी साजिश की खुफिया जानकारी का इजरायल ने किया खुलासा

ब्रेकिंग

Update: 2026-07-10 02:00 GMT

बड़ी खबर. अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच एक नई रिपोर्ट ने सनसनी फैला दी है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल ने अमेरिका को ऐसी खुफिया जानकारी दी है, जिसमें दावा किया गया है कि ईरान ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की नई साजिश तैयार की है. यह जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव फिर तेज हो गया है. वॉल स्ट्रीट जर्नल और CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली खुफिया एजेंसियों ने इस सप्ताह अमेरिकी अधिकारियों को चेतावनी दी कि ईरान ट्रंप को निशाना बनाने की एक विशेष योजना पर काम कर रहा है. हालांकि, अमेरिकी एजेंसियां अभी तक इस इनपुट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर सकी हैं.

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की कुद्स फोर्स के कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी की मौत के बाद से ही ईरान लगातार ट्रंप के खिलाफ बदले की बात करता रहा है. हाल ही में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के जनाजे के दौरान भी ट्रंप के खिलाफ नारे लगाए गए थे.

इस बीच खुद डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि उनका नाम ईरान की "हिट लिस्ट" में सबसे ऊपर है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, "वे अमेरिका के नेता यानी मुझे खत्म करना चाहते हैं. आज सुबह मैंने देखा कि मैं उनकी हर सूची में हूं. अब तक मैं भाग्यशाली रहा हूं, लेकिन यह हमेशा नहीं रह सकता." हालांकि, कुछ अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि इजरायल की तरफ से दी गई यह जानकारी ट्रंप पर ईरान के खिलाफ और कड़ा रुख अपनाने का दबाव बनाने की कोशिश भी हो सकती है. अमेरिकी खुफिया समुदाय के कुछ अधिकारियों ने कहा कि इजरायली इनपुट को अभी पूरी तरह सत्यापित नहीं किया गया है.

उधर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच हमले और जवाबी हमले हुए हैं, जबकि युद्धविराम जैसी व्यवस्था भी लगभग टूट चुकी है. राष्ट्रपति ट्रंप भी ऐलान कर चुके हैं कि ईरान के साथ बातचीत खत्म हो गई है और ये कि वे ईरान से आगे कोई बात नहीं करना चाहते. इसके बावजूद अमेरिकी अधिकारी दावा कर रहे हैं कि पर्दे के पीछे परमाणु समझौते को लेकर बातचीत जारी है और अगस्त के मध्य तक किसी समझौते की कोशिश की जा रही है.


Tags:    

Similar News