नई दिल्ली/रियाद। सऊदी अरब के दम्मम शहर स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को सऊदी अरब के अधिकारियों के हवाले से इसकी पुष्टि की। घटना बुधवार, 21 अक्टूबर की रात हुई थी। इस हमले के बाद सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
भारतीय दूतावास ने की मौत की पुष्टि
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सऊदी अधिकारियों से प्राप्त सूचना के अनुसार दम्मम एयरपोर्ट पर हुए हमले में दो लोगों की जान चली गई है। मृतकों में एक भारतीय नागरिक शामिल है, जबकि दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। अधिकारियों ने बताया कि घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है और प्रभावित परिवारों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।भारतीय दूतावास सऊदी प्रशासन के संपर्क में है, ताकि घायल भारतीयों के इलाज और आवश्यक सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
हमले में कुल आठ लोग घायल
सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, हमले में दो लोगों की मौत हुई है और आठ लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं।घायलों में दो भारतीय, दो यमन के नागरिक, दो बांग्लादेशी, एक नेपाली और एक सऊदी नागरिक शामिल हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।अधिकारियों के अनुसार, घायलों की स्थिति मामूली चोट से लेकर गंभीर अवस्था तक है। कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई गई है।
हमले के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई गई
किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्र का प्रमुख हवाई अड्डा है। यहां से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन होता है।हमले के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन की स्थिति की समीक्षा की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्थानों पर नुकसान का आकलन शुरू कियासऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि संबंधित सुरक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय कर यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद प्रभावित हुआ हवाई परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया है और उड़ानों का संचालन सामान्य हो गया है।
भारत ने हमले की कड़ी निंदा की
भारत सरकार ने सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा की है।विदेश मंत्रालय ने दम्मम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमलों को लेकर चिंता व्यक्त की।भारत ने इन हमलों को अस्वीकार्य बताते हुए हिंसा तत्काल रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही सऊदी अरब की संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति समर्थन दोहराया।विदेश मंत्रालय ने प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।
पहले भी एयरपोर्ट पर हमले में गई थी भारतीय की जान
सऊदी अरब में हवाई अड्डों को निशाना बनाने की घटनाओं ने भारतीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है।इससे पहले अक्टूबर महीने में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई थी।उस घटना में कई अन्य भारतीय नागरिक भी घायल हुए थे। भारतीय दूतावास ने अस्पतालों में भर्ती घायलों की स्थिति की जानकारी लेकर उनके परिवारों को सहायता का आश्वासन दिया था।
भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह
सऊदी अरब में सुरक्षा संबंधी मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय दूतावास ने नागरिकों को स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।दूतावास ने हवाई हमले की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया है।इसके अलावा नागरिकों को मिसाइल और ड्रोन हमलों से संबंधित संवेदनशील तस्वीरें या वीडियो साझा करने के संबंध में स्थानीय कानूनों का ध्यान रखने की सलाह दी गई हैदम्मम एयरपोर्ट पर हुए ताजा हमले के बाद भारत सरकार और भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मृत भारतीय नागरिक की पहचान और घायलों के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Tags: