बड़े ऑपरेशन की तैयारी? अमेरिका जाएंगे नेतन्याहू, बोले- 'ईरान पर ट्रंप से होगी बात'

Update: 2026-07-26 12:14 GMT
तेल अवीव: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सोमवार को अमेरिका रवाना होंगे। रविवार को कैबिनेट ब्रीफिंग में उन्होंने स्पष्ट किया कि वो इजरायल समर्थक दिवंगत सीनेटर लिंडसे ग्राहम के अंतिम संस्कार में तो शामिल होंगे ही साथ ही ईरान समेत विभिन्न मुद्दों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात भी करेंगे।
साप्ताहिक कैबिनेट बैठक की शुरुआत में नेतन्याहू ने कहा, "मैं राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मौजूदा सभी मुद्दों पर चर्चा करूंगा, जिनमें ईरान की स्थिति भी शामिल है।" शुक्रवार (24 जुलाई) को ही व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर में अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने नेतन्याहू की आगामी यात्रा का ऐलान किया था।
उन्होंने लिंडसे ग्राहम को इजरायल का "स्थापना के बाद से सबसे बड़ा मित्र" बताते हुए कहा कि उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि देना उचित है। नेतन्याहू ने बताया कि शनिवार रात उनकी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से बातचीत हुई। उनके अनुसार, रूबियो ने भरोसा दिलाया कि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) के खिलाफ कार्रवाई करेगा। नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि आईसीसी दुनिया भर में न्याय व्यवस्था को खतरे में डाल रहा है और लोकतांत्रिक एवं संप्रभु देशों के अपने अधिकारों के इस्तेमाल में बाधा बन रहा है।
उन्होंने कहा कि आईसीसी, जिसने उनके और पूर्व रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, लोकतांत्रिक देशों की सुरक्षा को हेग में बैठे "भ्रष्ट नौकरशाहों" के फैसलों के अधीन करने की कोशिश कर रहा है।
नेतन्याहू ने आईसीसी के पूर्व अभियोजक करीम खान पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने गिरफ्तारी वारंट अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान हटाने और इजरायल के विरोधियों को एकजुट करने के उद्देश्य से जारी किए थे। उन्होंने दावा किया कि अब वह "सुरक्षा कवच" हट चुका है, जिससे उनके वास्तविक इरादे और अभियोजन कार्यालय के साथ-साथ आईसीसी में कथित भ्रष्टाचार उजागर हो गया है।
पश्चिमी तट (वेस्ट बैंक) में शुक्रवार को हुई घातक झड़प का जिक्र करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि सुरक्षा बलों को गांवों में प्रवेश करने, तलाशी लेने, हथियार जब्त करने और संदिग्धों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इजरायल आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ जरूरत पड़ने पर और व्यापक कार्रवाई करने के लिए भी तैयार है।
Tags:    

Similar News