पाकिस्तान। पाकिस्तान की आर्थिक और राजनीतिक बदहाली के बीच देश के गृह मंत्री मोहसिन नकवी का एक हैरान करने वाला और बड़ा बयान सामने आया है. सत्ता के शीर्ष केंद्र में बैठे गृह मंत्री ने सार्वजनिक मंच से स्वीकार किया है कि पाकिस्तान की मौजूदा शासन व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और देश का 70 साल पुराना ढांचा पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है.
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहसिन नकवी ने बेबाकी से देश की जमीनी हकीकत बयां की. उन्होंने कहा, "आप चाहे मानें या न मानें, लेकिन हम जिस सिस्टम में जी रहे हैं, वह पहले ही कोलेप्स हो चुका है. हमारे देश का मौजूदा सिस्टम पूरी तरह बर्बाद हो चुका है. अगर यही हाल रहा तो आज से 10 साल बाद भी हम इन्हीं समस्याओं और मुद्दों पर बैठकर बात कर रहे होंगे." नकवी ने आगे कहा कि पाकिस्तान पिछले 70 सालों से जिस ढर्रे पर चल रहा है वह अब काम का नहीं रहा है. उन्होंने कहा, "हम सब लोकतंत्र चाहते हैं, लेकिन लोकतंत्र के भीतर भी तीन या चार तरह की प्रणालियां होती हैं. जिस व्यवस्था को हम पिछले 70 सालों से चला रहे हैं, वह हमें कहीं आगे नहीं ले जा सकी और हम आज भी वहीं अटके हुए हैं."
गृह मंत्री द्वारा सत्ता के केंद्र से अपनी ही सरकार और तंत्र की नाकामी का यह कबूलनामा बेहद चौंकाने वाला माना जा रहा है. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि जब नकवी सिस्टम के पूरी तरह तबाह होने की बात कह रहे थे, तब सामने बैठी जनता इस पर तालियां बजानी शुरू कर दीं. पाकिस्तानी गृह मंत्री का यह बयान पाकिस्तान में गहराते प्रशासनिक, आर्थिक और संस्थागत संकट का प्रत्यक्ष प्रमाण है. देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की कमान संभालने वाले मंत्री का यह बयान दर्शाता है कि पाकिस्तान के भीतर संवैधानिक और प्रशासनिक संस्थाएं किस कदर बेबस और प्रभावहीन हो चुकी हैं.