जर्मनी में प्लेन क्रैश: रिहायशी इलाके में गिरा विमान, हादसे में दो की मौत
घर की छत पर विमान गिरने से दर्दनाक हादसा
Germany: जर्मनी में शनिवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ, जिसमें एक छोटा निजी विमान रिहायशी इलाके में एक घर की छत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दो लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना जर्मनी के लोअर सैक्सोनी राज्य के गैंडरकेसी (Ganderkesee) इलाके में हुई।
जानकारी के मुताबिक, छोटा विमान उड़ान के दौरान अचानक नीचे आ गया और सीधे एक मकान की ढलानदार छत से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि विमान का मलबा छत में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में बचाव दल और पुलिस की टीमें पहुंचीं।
विमान में सवार दोनों यात्रियों की मौत
पुलिस के अनुसार, विमान में दो लोग सवार थे। शुरुआती जानकारी में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के लापता होने की बात सामने आई थी, लेकिन मलबा हटाने और लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई। मृतकों की उम्र 65 और 77 वर्ष बताई गई है।
घर के लोग बाल-बाल बचे
राहत की बात यह रही कि जिस घर पर विमान गिरा, उस समय वहां रहने वाले लोग मौजूद नहीं थे। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को खाली कराया और राहत कार्य पूरा होने तक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया।
हादसे की जांच शुरू
अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से नीचे गिरा। जांच एजेंसियां विमान के मलबे और उड़ान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
यह हादसा जर्मनी में छोटे निजी विमानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करता है। रिहायशी इलाके में विमान गिरने के बावजूद जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति की जान नहीं गई, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।