
Vyapaar:मध्य प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त 14 जून को ट्रांसफर की जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव इस दिन लाभार्थी महिलाओं के खातों में राशि सीधे सिंगल क्लिक के माध्यम से भेजेंगे। इस योजना के तहत राज्य की करीब 1.25 करोड़ महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है और इस बार भी सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में 1500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
सरकारी जानकारी के अनुसार, यह राशि रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान जारी की जाएगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनकी दैनिक जरूरतों में सहायता देना है।
योजना की पात्रता
इस योजना का लाभ केवल मध्य प्रदेश की स्थायी निवासी महिलाओं को मिलता है। इसमें विवाहित, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं शामिल हैं। आवेदन के समय महिला की उम्र 21 वर्ष से कम और 60 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
कौन नहीं ले सकता लाभ
जिन महिलाओं या उनके परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक है, वे पात्र नहीं हैं। इसके अलावा टैक्स देने वाले परिवार, सरकारी कर्मचारी, पेंशनभोगी या संविदाकर्मी इस योजना के दायरे में नहीं आते। जो महिलाएं पहले से किसी अन्य सरकारी योजना से 1250 रुपये या उससे अधिक सहायता प्राप्त कर रही हैं, उन्हें भी इसका लाभ नहीं मिलेगा।
आवेदन प्रक्रिया
इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन https://cmladlibahna.mp.gov.in/ वेबसाइट पर किया जा सकता है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता, मोबाइल नंबर और फोटो जरूरी होते हैं। ऑफलाइन आवेदन ग्राम पंचायत, वार्ड कार्यालय या कैंप के माध्यम से भी किया जा सकता है।
आवेदन के बाद प्रारंभिक सूची जारी होती है, जिस पर आपत्तियां ली जाती हैं और जांच के बाद अंतिम सूची तैयार की जाती है। इसके बाद पात्र महिलाओं के खातों में नियमित रूप से राशि भेजी जाती है।
लाभार्थी सूची कैसे देखें
लाभार्थी सूची देखने के लिए वेबसाइट पर जाकर मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करना होता है। ओटीपी वेरीफिकेशन के बाद जिला और पंचायत की जानकारी भरकर सूची देखी जा सकती है।





