व्यापार

एलन मस्क का रोबोटैक्सी सपना हुआ और करीब Cybercab में पब्लिक राइड शुरू

nidhi
5 Sept 2026 12:58 PM IST
एलन मस्क का रोबोटैक्सी सपना हुआ और करीब Cybercab में पब्लिक राइड शुरू
x
Tesla ने खोला ड्राइवरलेस सफर का दरवाजा

टेक डेस्क: Tesla ने पूरी तरह ड्राइवरलेस ट्रांसपोर्टेशन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अमेरिका के ऑस्टिन, टेक्सास में Cybercab की सीमित सार्वजनिक राइड शुरू कर दी है। कंपनी की दो सीटों वाली यह इलेक्ट्रिक रोबोटैक्सी पारंपरिक कारों से काफी अलग है। इसमें स्टीयरिंग व्हील और पैडल तक नहीं हैं। कंपनी इसे खास तौर पर अपने स्वायत्त Robotaxi नेटवर्क के लिए विकसित कर रही है।

आम लोग कर सकते हैं Cybercab की सवारी
Cybercab को अब केवल टेस्टिंग या कंपनी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रखा गया है। ऑस्टिन के चुनिंदा क्षेत्रों में आम यात्रियों के लिए इसकी राइड उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि यह अभी व्यापक स्तर पर अमेरिका के हर यूजर के लिए उपलब्ध सेवा नहीं है, बल्कि सीमित भौगोलिक क्षेत्र में शुरू किया गया रोलआउट है। Tesla ने सितंबर 2026 में Cybercab के लिए आधिकारिक Rider Guide भी जारी कर दिया है। इसमें यात्रियों को कार के दरवाजे खोलने-बंद करने, सीट बेल्ट, केबिन कंट्रोल, ट्रंक और आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई है।
न स्टीयरिंग न ब्रेक पैडल
Cybercab का डिजाइन इस सोच के साथ तैयार किया गया है कि भविष्य में कार चलाने के लिए इंसानी ड्राइवर की जरूरत नहीं होगी। इस दो सीटों वाली इलेक्ट्रिक गाड़ी में स्टीयरिंग व्हील, पारंपरिक ड्राइविंग पैडल और बाहरी मिरर नहीं हैं। यही विशेषता इसे Tesla की मौजूदा Model 3 और Model Y जैसी कारों से अलग करती है। Cybercab कंपनी की स्वायत्त ड्राइविंग तकनीक पर निर्भर है। एलन मस्क लंबे समय से यह दावा करते रहे हैं कि भविष्य में स्वचालित वाहन व्यक्तिगत परिवहन और टैक्सी कारोबार दोनों को बदल सकते हैं।
2025 में शुरू हुआ था Robotaxi का सफर
Tesla ने जून 2025 में ऑस्टिन से अपनी Robotaxi सेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद कंपनी ने धीरे-धीरे इसके परिचालन क्षेत्र को बढ़ाया। जुलाई 2026 में Tesla ने बताया था कि ऑस्टिन में बिना सुपरविजन वाले ऑपरेशन का क्षेत्र बढ़ाया गया है और मियामी, ऑरलैंडो तथा टाम्पा में भी अनसुपरवाइज्ड राइड शुरू की गई हैं। कंपनी ने 2026 की पहली तिमाही में Cybercab का पायलट प्रोडक्शन शुरू किया था और बाद में इसका उत्पादन आगे बढ़ाया। जुलाई में Gigafactory Texas परिसर में कर्मचारियों को Cybercab राइड देना भी शुरू किया गया था।
Cybercab पर अमेरिकी एजेंसी की नजर
Cybercab की सार्वजनिक शुरुआत के साथ नियामकीय सवाल भी खड़े हो गए हैं। अमेरिका की National Highway Traffic Safety Administration (NHTSA) ने Tesla के Cybercab सर्टिफिकेशन को लेकर जांच शुरू की है। एजेंसी यह देख रही है कि बिना स्टीयरिंग व्हील, ब्रेक पैडल और दूसरे पारंपरिक कंट्रोल वाली इन गाड़ियों को मौजूदा संघीय सुरक्षा मानकों के तहत किस आधार पर प्रमाणित किया गया। सितंबर की शुरुआत तक टेक्सास में Tesla के 420 ऑटोनॉमस वाहन पंजीकृत बताए गए, जिनमें 45 Cybercab शामिल थे।
Elon Musk के बड़े प्लान का अहम हिस्सा
Cybercab केवल Tesla की एक नई इलेक्ट्रिक कार नहीं है। यह कंपनी की रणनीति में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता से आगे बढ़कर AI और ऑटोनॉमस मोबिलिटी कंपनी बनने की योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। Tesla ने अपनी वित्तीय रिपोर्ट में Robotaxi सेवा को भविष्य की संभावित वृद्धि के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल किया है। हालांकि इस सपने के सामने सुरक्षा, तकनीकी विश्वसनीयता और नियामकीय मंजूरी जैसी बड़ी चुनौतियां मौजूद हैं। फिलहाल Cybercab की सार्वजनिक राइड का ऑस्टिन में शुरू होना यह जरूर दिखाता है कि एलन मस्क का बिना ड्राइवर और बिना स्टीयरिंग वाला भविष्य अब कॉन्सेप्ट से निकलकर वास्तविक यात्रियों तक पहुंचना शुरू हो गया है।
Next Story