व्यापार

1 जुलाई से फाइनेंशियल बदलाव लागू

Saba Naaz
26 Jun 2026 4:45 PM IST
1 जुलाई से फाइनेंशियल बदलाव लागू
x

Business: 1 जुलाई 2026 से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर आधार अपडेट, LPG गैस सिलेंडर की कीमत, रेलवे यात्रा, इनकम टैक्स रिटर्न (ITR), CNG-PNG और क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों पर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को इन नए नियमों की जानकारी पहले से रखना जरूरी है ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

सरकारी नियमों के अनुसार आधार कार्ड अपडेट को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। UIDAI ने 1 जुलाई से दिसंबर तक आधार में ईमेल, नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी मुफ्त में अपडेट करने की सुविधा दी है। पहले इसके लिए शुल्क देना पड़ता था, लेकिन अब यह सेवा मुफ्त कर दी गई है। रेलवे नियमों में भी सख्ती की गई है। बिना टिकट यात्रा करने पर जुर्माना ₹250 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया गया है। वहीं महिलाओं के आरक्षित कोच में पुरुषों के यात्रा करने पर ₹2,500 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा बिना अनुमति सामान बेचने, नशे की हालत में यात्रा करने या जनरल टिकट लेकर स्लीपर कोच में सफर करने जैसे मामलों में भी कड़ी कार्रवाई होगी।

हर महीने की तरह 1 जुलाई को LPG सिलेंडर के दामों में भी बदलाव संभव है। सरकारी तेल कंपनियां घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमतें जारी करेंगी। साथ ही CNG, PNG और विमान ईंधन (ATF) के दामों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे आम लोगों के खर्च पर असर पड़ेगा। इनकम टैक्स से जुड़े नियमों में भी अहम तारीखें तय की गई हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ITR दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है, जबकि अप्रैल-जून तिमाही का TDS 7 जुलाई तक जमा करना जरूरी होगा।

क्रेडिट कार्ड उपयोगकर्ताओं के लिए भी कई बदलाव लागू होंगे। HDFC Bank Regalia Gold कार्ड पर लाउंज एक्सेस के लिए अब ₹60,000 खर्च करना जरूरी होगा। YES Bank ने भी खर्च सीमा बढ़ाकर ₹35,000 प्रति तिमाही कर दी है। HSBC अब कुछ कैटेगरी जैसे टैक्स, बीमा, फ्यूल और यूटिलिटी बिल पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं देगा। वहीं Citi Credit Card का माइग्रेशन Axis Bank में 15 जुलाई तक पूरा हो जाएगा, जिसमें कार्ड की बेसिक जानकारी वही रहेगी लेकिन रिवॉर्ड और ब्याज नियम बदल सकते हैं। इन सभी बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब और दैनिक जीवन पर पड़ सकता है। इसलिए इन नियमों को समझना और समय पर तैयारी करना जरूरी हो गया है।

Next Story