
New Delhi नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने प्याज किसानों को राहत देते हुए सरकारी खरीद मूल्य में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद अब किसानों से प्याज की खरीद 2,125 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी, जबकि पहले यह दर 1,875 रुपये प्रति क्विंटल थी।सरकार का यह फैसला शनिवार से लागू हो गया है। इस कदम से किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है और साथ ही मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए प्याज की खरीद को भी मजबूती मिलेगी।
उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अनुसार, एनएएफईडी और एनसीसीएफ के माध्यम से प्याज की खरीद प्रक्रिया लगातार जारी है। संशोधित खरीद मूल्य से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ बफर स्टॉक तैयार करने में भी मदद मिलेगी।सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2025-26 में प्याज का उत्पादन 307.37 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के स्तर के लगभग बराबर है। मंत्रालय का कहना है कि देश में प्याज की उपलब्धता को लेकर फिलहाल कोई चिंता की स्थिति नहीं है।





