
Vyapaar:15 जून को शेयर बाजार में लिस्ट होंगी वेदांता समूह की चार नई कंपनियां, निवेशकों के लिए अहम अपडेट
वेदांता समूह की बहुप्रतीक्षित डीमर्जर प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 15 जून को समूह की चार नई कंपनियां शेयर बाजार में स्वतंत्र रूप से सूचीबद्ध हो जाएंगी। इसके साथ ही वेदांता लिमिटेड के एल्युमीनियम, पावर, आयरन एंड स्टील तथा ऑयल एंड गैस कारोबार अलग-अलग कंपनियों के रूप में कारोबार शुरू करेंगे। इस कदम को समूह के पुनर्गठन की दिशा में एक बड़ा पड़ाव माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 15 जून को वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड (VAML), वेदांता पावर लिमिटेड (VEDPOWER), वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (VISL) और वेदांता ऑयल एंड गैस लिमिटेड (VOGL) की लिस्टिंग नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर होगी। लिस्टिंग के बाद चारों कंपनियां स्वतंत्र रूप से शेयर बाजार में ट्रेडिंग करेंगी।
लिस्टिंग के दिन निवेशकों के लिए विशेष प्री-ओपन ट्रेडिंग सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद नियमित कारोबार शुरू होगा। शुरुआती चरण में इन कंपनियों के शेयर ‘BE’ सीरीज में ट्रेड होंगे। बाद में नियामकीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इन्हें ‘EQ’ सीरीज में स्थानांतरित किया जाएगा।
वेदांता समूह की ये चारों इकाइयां 1 मई 2026 से कानूनी रूप से वेदांता लिमिटेड से अलग हो चुकी हैं। डीमर्जर योजना के तहत वेदांता लिमिटेड के प्रत्येक शेयरधारक को उनके पास मौजूद हर एक शेयर के बदले नई चारों कंपनियों का एक-एक शेयर आवंटित किया गया है। इसके लिए 1 मई को रिकॉर्ड डेट निर्धारित की गई थी। इस व्यवस्था का उद्देश्य निवेशकों को समूह के विभिन्न कारोबारों में सीधे हिस्सेदारी उपलब्ध कराना है।
वेदांता लंबे समय से अपने विभिन्न व्यवसायों को अलग-अलग इकाइयों में विभाजित करने की रणनीति पर काम कर रहा था। समूह का मानना है कि स्वतंत्र कंपनियों के रूप में काम करने से प्रत्येक कारोबार अपनी विकास योजनाओं पर अधिक प्रभावी तरीके से ध्यान दे सकेगा। साथ ही निवेशकों को भी अलग-अलग क्षेत्रों के प्रदर्शन का स्पष्ट मूल्यांकन करने का अवसर मिलेगा।
लिस्टिंग से पहले समूह को एक और सकारात्मक संकेत मिला है। रेटिंग एजेंसी इक्रा ने वेदांता लिमिटेड और वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड को ‘AA+’ रेटिंग प्रदान की है। एजेंसी ने दोनों कंपनियों की शॉर्ट टर्म रेटिंग ‘A1+’ पर बरकरार रखी है और आउटलुक को ‘स्टेबल’ बताया है। समूह के अनुसार वर्ष 2014 के बाद यह उसकी सबसे मजबूत घरेलू क्रेडिट रेटिंग है।
इक्रा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कमोडिटी बाजार की अनुकूल परिस्थितियां और मजबूत आय की संभावनाएं कंपनियों के प्रदर्शन को समर्थन दे सकती हैं। वेदांता समूह का कारोबार जिंक, सिल्वर, एल्युमीनियम, कॉपर, निकेल, लौह अयस्क, तेल एवं गैस तथा बिजली उत्पादन जैसे कई क्षेत्रों में फैला हुआ है।





