व्यापार

दिग्गज निवेशक का दांव, इस कंपनी में बढ़ाई हिस्सेदारी

Ratna Netam
25 July 2026 4:19 PM IST
दिग्गज निवेशक का दांव, इस कंपनी में बढ़ाई हिस्सेदारी
x

नई दिल्ली : शेयर बाजार के दिग्गज निवेशकों में शामिल आशीष कचोलिया ने एक और कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। उन्होंने Indo SMC लिमिटेड में अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं। इस खरीद के बाद कंपनी में उनकी कुल हिस्सेदारी 3 प्रतिशत से अधिक हो गई है। खास बात यह है कि Indo SMC के शेयर ने पिछले कुछ महीनों में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।

जानकारी के मुताबिक, आशीष कचोलिया ने Indo SMC के करीब 1.3 लाख शेयर खरीदे हैं। जून 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के अनुसार, कंपनी में उनकी हिस्सेदारी बढ़कर 3.03 प्रतिशत हो गई है। इससे पहले अप्रैल-जून तिमाही से पहले कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 2.46 प्रतिशत थी।

आशीष कचोलिया की इस खरीद को बाजार में काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें शेयर बाजार में सफल निवेशकों में गिना जाता है। वह लंबे समय से छोटी और मझोली कंपनियों में निवेश के लिए जाने जाते हैं। उनके पोर्टफोलियो में शामिल कई कंपनियों ने समय के साथ अच्छा प्रदर्शन किया है।

Indo SMC के शेयर ने दिया जबरदस्त रिटर्न

Indo SMC के शेयर प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी के स्टॉक ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। पिछले छह महीनों में शेयर की कीमत में करीब 206 प्रतिशत की तेजी आई है। वहीं, साल 2026 में अब तक इस शेयर ने पोजीशनल निवेशकों को लगभग 190 प्रतिशत का लाभ दिया है।

शेयर में आई इस तेजी के पीछे कंपनी के प्रदर्शन और बाजार में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को प्रमुख कारण माना जा रहा है। आशीष कचोलिया जैसे बड़े निवेशक द्वारा हिस्सेदारी बढ़ाए जाने से भी कंपनी को लेकर निवेशकों का भरोसा मजबूत हो सकता है।

आशीष कचोलिया के पोर्टफोलियो में 48 कंपनियां

Trendlyne के आंकड़ों के अनुसार, आशीष कचोलिया के पोर्टफोलियो में कुल 48 कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों में उनकी कुल हिस्सेदारी की वैल्यू करीब 2900 करोड़ रुपये बताई गई है। वह अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों में निवेश करते हैं और खासतौर पर उन कंपनियों को पसंद करते हैं जिनमें भविष्य में विकास की संभावनाएं दिखाई देती हैं।

जून तिमाही के दौरान उन्होंने अपने पोर्टफोलियो में कुछ बदलाव भी किए हैं। उन्होंने एशियन एनर्जी को अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया है। इस कंपनी के उन्होंने 5.74 लाख शेयर खरीदे हैं। इस खरीद के बाद एशियन एनर्जी में उनकी हिस्सेदारी 1.2 प्रतिशत हो गई है।

इसके अलावा टेकएरा इंजीनियरिंग में भी उन्होंने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। पहले इस कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 6.2 प्रतिशत थी, जो बढ़कर अब 6.3 प्रतिशत हो गई है।

निवेशकों की नजर Indo SMC पर

आशीष कचोलिया जैसे अनुभवी निवेशक की ओर से हिस्सेदारी बढ़ाने के बाद Indo SMC पर बाजार की नजरें टिक गई हैं। हालांकि, किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, कारोबार की स्थिति, भविष्य की योजनाओं और बाजार जोखिमों का अध्ययन करना जरूरी होता है।

शेयर बाजार में छोटे और मझोले शेयरों में तेजी के साथ जोखिम भी अधिक हो सकता है। ऐसे में निवेशकों को अपनी जोखिम क्षमता और वित्तीय लक्ष्यों को ध्यान में रखकर ही निवेश का फैसला करना चाहिए।

Next Story