व्यापार

₹100, ₹200, ₹500 के बंद नोट पर क्या है असली सच? सरकार ने बताया

Saba Naaz
11 Jun 2026 7:26 PM IST
₹100, ₹200, ₹500 के बंद नोट पर क्या है असली सच? सरकार ने बताया
x

Vyapaar:भारत में सोशल मीडिया पर 30 जून 2026 से कागज के नोट बंद कर पॉलिमर (प्लास्टिक) नोट लागू किए जाने की खबर तेजी से वायरल हो रही थी। इसमें दावा किया गया था कि ₹100, ₹200, ₹500 और ₹2000 के नोट धीरे-धीरे बंद कर दिए जाएंगे। लेकिन सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस अफवाह को पूरी तरह से फर्जी करार दिया है। PIB Fact Check ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कोई घोषणा नहीं हुई है और मौजूदा नोट पूरी तरह वैध और चलन में बने रहेंगे।

हालांकि RBI पॉलिमर नोटों की संभावनाओं का अध्ययन कर रहा है। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया था कि केंद्रीय बैंक यह जांच रहा है कि प्लास्टिक नोटों के क्या फायदे और चुनौतियां हैं और क्या इन्हें भारत में लागू करना व्यावहारिक होगा। इसका मतलब यह नहीं है कि 30 जून से कोई बदलाव होने वाला है।

पॉलिमर नोट सिंथेटिक सामग्री से बनाए जाते हैं और ये अधिक टिकाऊ, पानी और गंदगी से सुरक्षित होते हैं। कई देशों जैसे ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन में ये नोट उपयोग में हैं। भारत ने पहले भी 2012 में ₹10 के पॉलिमर नोटों का परीक्षण किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से इसे आगे नहीं बढ़ाया गया।

हालांकि डिजिटल भुगतान बढ़ रहा है, लेकिन भारत में नकदी का इस्तेमाल अभी भी मजबूत है। RBI की रिपोर्ट के अनुसार मार्च 2026 तक देश में नोटों का कुल मूल्य 41.23 लाख करोड़ रुपये और कुल संख्या 171.32 अरब पीस तक पहुंच गया। ₹500 के नोटों की हिस्सेदारी 85.5% रही।

इसका मतलब है कि फिलहाल नकदी का महत्व बरकरार है और 30 जून से नोट बंद होने की खबर पूरी तरह झूठी है। पॉलिमर नोट भविष्य में अपनाने पर विचार हो सकता है, लेकिन अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। निवेशकों और आम नागरिकों को अपने कागज के नोट रखने और उपयोग में कोई रोक नहीं है।

Next Story