- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Noida: कोरोना का नया...
Noida: कोरोना का नया केस मिलने के बाद लोगों को सतर्कता बरतने की चेतावनी

नोएडा: नोएडा में कोरोना का एक मरीज सामने आया है। नोएडा के स्वास्थ्य विभाग ने सेक्टर-110 निवासी 55 वर्षीय महिला में शनिवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि की। महिला का इलाज होम आइसोलेशन में ही चल रहा है। मरीज के संपर्क में आए दो लोगों में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले। महिला 14 मई को उज्जैन के महाकालेश्वर गई थी।
मरीज की क्रॉस जांच में पुष्टि: कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखने पर महिला सेक्टर-128 स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए गई। वहां महिला की कोरोना जांच की गई। निजी अस्पताल ने कोरोना संक्रमण की पुष्टि की। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिलने पर मरीज की क्रॉस जांच कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
होम आइसोलेशन में चल रहा इलाज: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि मरीज के घर में दो और व्यक्ति रहते हैं। इनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं हैं। लिहाजा अभी जांच के लिए इनके नमूने नहीं लिए गए। महिला का इलाज होम आइसोलेशन में शुरू कर दिया गया है।
प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना संक्रमण की जांच: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने कहा कि मरीजों की संख्या बढ़ने की स्थिति में जीनोम सिक्वेंसिंग कराएंगे ताकि कोरोना वायरस के वेरिएंट के बारे में जानकारी हो सके। जरूरत पड़ने पर संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया जाएगा। सभी निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमण की जांच चल रही है।
एक-दो दिनों में शुरू होगी जांच: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने आगे कहा कि इंफ्लूएंजा के जैसे लक्षण वाले मरीजों की कोरोना जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। नोएडा जिला अस्पताल में एक-दो दिनों में कोरोना संक्रमण की जांच शुरू कर दी जाएगी। इससे पहले पिछले साल मई में एक मरीज में बीमारी की पुष्टि की गई थी।
लोगों से एहतियात बरतने की अपील: कोरोना के मरीजों की स्थिति गंभीर नहीं है, इसलिए घबराईये नहीं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। विभाग ने भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जाने की स्थिति में मास्क लगाने, हाथ की स्वच्छता, सामाजिक दूरी अपनाने की अपील की है। शनिवार देर शाम तक कोरोना संक्रमण को लेकर शासन से दिशा-निर्देश नहीं मिले थे।
जिला अस्पताल में भी जांच शुरू नहीं: जिला अस्पताल में भी कोरोना संक्रमण की जांच शुरू नहीं की गई है। अस्पताल प्रबंधन जांच शुरू करने के लिए शासन के निर्देश का इंतजार कर रहा है ताकि किट सहित अन्य संसाधन मंगाए जा सके। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने शासन से जांच किट की मांग की है। इसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है।





