मनोरंजन
कोर्ट में जंग का ऐलान: मुरुगाडोस ने पुलिस को दी कोर्ट में देखने की चुनौती
Tara Tandi
9 Nov 2026 7:39 PM IST

x
चेन्नई: तमिल रियलिटी शो 'बिग बॉस' के एक सीजन के विजेता और मशहूर तमिल अभिनेता बालाजी मुरुगाडोस ने बताया है कि उनके मकान मालिक ने उनसे घर खाली करने के लिए कहा है। उन्होंने यह भी कहा है कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके घर तलाशी लेने आए सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जाए।
अपने 'X' (ट्विटर) अकाउंट पर नए ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, "मैं आपसे कोर्ट में मिलूंगा :) 30 साल की कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद यहां तक पहुंचा हूं। क्या आप नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) से आए स्टार किड्स के साथ भी ऐसा ही बर्ताव करेंगे? @tnpoliceoffl, आपको शर्म आनी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं पक्का करूंगा कि मेरे घर तलाशी लेने आए सभी पुलिसकर्मी सस्पेंड हों! न कोई सर्च वारंट, न कोई सबूत, बस एक फोन कॉल पर आ गए। मेरे मकान मालिक ने मुझसे घर खाली करने को कहा है। किसी न किसी को तो जिम्मेदारी लेनी ही होगी। @tnpoliceoffl से माफी मंगवाए बिना मैं इसे ऐसे ही नहीं छोड़ूंगा। कोर्ट में मिलते हैं!"
बता दें कि सोमवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी उनके घर की तलाशी लेते दिख रहे थे। अभिनेता ने उन्हें साफ बता दिया था कि वह बेकसूर हैं और उन्होंने पूछा कि वे किस आधार पर उनके घर की तलाशी लेने आए हैं।
अपने 'X' अकाउंट पर नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी होने का दावा करने वाले लोगों के साथ हुई बातचीत का वीडियो पोस्ट करते हुए बालाजी मुरुगाडोस ने कहा, "कल रात नारकोटिक्स विभाग के 15 पुलिसकर्मी मेरे घर आए थे!"
इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया, जिसमें लिखा, "मैं बस यह जानना चाहता हूं कि शिकायत किसने की है, @actorvijay? मैं जानना चाहता हूं कि शिकायत किसने की और किस बात के लिए! मैंने कई बार पूछा, लेकिन उन्होंने नहीं बताया। मैं ब्लड टेस्ट कराने के लिए भी तैयार हूं। लेकिन आपके पुलिस विभाग को शर्म आनी चाहिए!"
उन्होंने आगे कहा, "मेरे घर 15 पुलिसकर्मी आए, और उन्हें वहां क्या मिला? बस तीन बिल्लियां और एक कुत्ता! लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि वे किस आधार पर आए थे! कोई सर्च वारंट नहीं था, फिर भी मैंने उन्हें घर के अंदर आने दिया क्योंकि मैं बेकसूर हूं। लेकिन पुलिस की इस हरकत के लिए मुझे जवाब चाहिए।" बालाजी मुरुगाडोस द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो क्लिप में, एक अधिकारी अभिनेता से कहते हुए सुनाई देते हैं कि वे अपने मोबाइल पर इस कार्रवाई को रिकॉर्ड न करें। वे कहते हैं, "अगर आप रिकॉर्ड करेंगे, तो हम भी रिकॉर्ड करेंगे।"
इसके जवाब में बालाजी मुरुगाडोस कहते हैं, "कृपया रिकॉर्ड करें। सर, मैं एक साफ-सुथरा इंसान हूँ। आप अंदर जाकर अच्छी तरह से जांच कर सकते हैं।"
अधिकारी जवाब देते हैं, "हमें कुछ कॉल आए थे, इसलिए हम यहाँ आए हैं।" इस पर बालाजी मुरुगाडोस पूछते हैं, "ड्रग्स? आप मेरा ब्लड टेस्ट भी करवा सकते हैं। कृपया आइए।"
अधिकारी फिर बालाजी मुरुगाडोस से कहते हैं, "आप एक मशहूर हस्ती हैं। हमें आपके सहयोग की जरूरत है। कृपया रिकॉर्ड न करें। अगर आप ऐसा करेंगे, तो हम भी रिकॉर्ड करेंगे। कृपया इसे (मोबाइल को) नीचे रख दें।" अभिनेता कहते हैं, "मैं सहयोग कर रहा हूँ। मैंने ही तो आपको अंदर बुलाया है।"
काम की बात करें तो, बालाजी मुरुगाडोस आखिरी बार निर्देशक जे. सतीश कुमार की फिल्म 'फायर' में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने विलेन का किरदार निभाया था।
Next Story





