Cancer से जंग जीत रही हैं मेधा मांजरेकर, पति और बेटी सई के सपोर्ट को किया याद

Mumbai मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा मांजरेकर ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर को लेकर भावुक खुलासा किया है। मेधा ने बताया कि वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और उन्होंने इलाज के दौरान सर्जरी, रेडिएशन और कीमोथेरेपी जैसी कठिन प्रक्रियाओं का सामना किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए अपनी इस चुनौतीपूर्ण यात्रा के बारे में जानकारी दी।
मेधा मांजरेकर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि कैंसर का इलाज उनके जीवन का ऐसा अनुभव रहा, जिसने उन्हें अंदर से बदल दिया। उन्होंने लिखा कि जिंदगी में कुछ ऐसी यात्राएं होती हैं, जो इंसान को हमेशा के लिए बदल देती हैं और उनकी यह यात्रा भी उनमें से एक है। उन्होंने कहा कि उनके इलाज का एक महत्वपूर्ण चरण अब पूरा होने वाला है।
अपनी पोस्ट में मेधा ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें बीमारी का नाम, सर्जरी, कीमोथेरेपी या रेडिएशन नहीं, बल्कि इस पूरे सफर में मिले प्यार, सहयोग और हिम्मत की याद रहेगी। उन्होंने लिखा कि इस कठिन समय में उन्हें कई ऐसे अदृश्य सहारे मिले, जिन्होंने हर दिन उनका साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।
मेधा ने बताया कि इलाज के दौरान उन्हें अपने बाल भी गंवाने पड़े। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में वह छोटे बालों के साथ नजर आ रही हैं। हालांकि, इस मुश्किल परिस्थिति में भी उनके चेहरे की मुस्कान और परिवार का साथ उनकी सबसे बड़ी ताकत बना रहा।
उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि जब लोग उनसे पूछते हैं कि उन्होंने इतनी कठिन परिस्थितियों का सामना कैसे किया, तो उनका जवाब यही है कि उन्होंने यह सफर कभी अकेले तय नहीं किया। जब भी उन्हें लगा कि अब वह आगे नहीं बढ़ पाएंगी, कोई न कोई उनका हाथ थामने के लिए उनके साथ खड़ा हो गया।
मेधा ने अपनी इस यात्रा को ईश्वर की कृपा से जोड़ते हुए कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें महसूस होता है कि उनके जीवन में मिले ये सहारे केवल संयोग नहीं थे, बल्कि ईश्वर का उन्हें संभालने का तरीका थे।
मेधा मांजरेकर के इस खुलासे के बाद उनके प्रशंसक और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनकी हिम्मत की सराहना की और उनके सकारात्मक रवैये को प्रेरणादायक बताया।
कैंसर जैसी बीमारी से लड़ते हुए मेधा ने जिस तरह अपनी कहानी साझा की है, उससे कई लोगों को हिम्मत और उम्मीद मिल रही है। उन्होंने अपनी पोस्ट के जरिए यह संदेश दिया कि मुश्किल समय में परिवार, विश्वास और सकारात्मक सोच इंसान को मजबूत बनाए रखते हैं।





