Sidharth शुक्ला को याद कर शहनाज गिल ने बताया प्यार का असली मतलब

Mumbai मुंबई : बॉलीवुड एक्ट्रेस और बिग बॉस 13 फेम शहनाज गिल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में प्यार को लेकर अपनी सोच साझा की। उन्होंने बताया कि उनके लिए प्यार सिर्फ एक भावना नहीं, बल्कि एक-दूसरे को समझने, सम्मान देने और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का नाम है। बातचीत के दौरान शहनाज अपने विचार रखते हुए कभी भावुक नजर आईं तो कभी मुस्कुराती हुई दिखाई दीं।
शहनाज गिल ने कहा कि उनके लिए प्यार का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा एक-दूसरे का साथ देना और एक-दूसरे की कद्र करना है। उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति आपसे सच्चा प्यार करता है, वह आपको भीड़ में भी पहचान लेता है और आपकी मौजूदगी को महसूस करता है।
इंटरव्यू के दौरान जब शहनाज से पूछा गया कि उनके लिए प्यार का क्या मतलब है, तो उन्होंने कहा, "मेरे लिए प्यार का मतलब है एक-दूसरे को सपोर्ट करना। एक-दूसरे की इज्जत करना बहुत जरूरी है। चाहे कैसी भी परिस्थिति हो, जो आपसे प्यार करता है, वह भीड़ में भी आपको पहचान लेगा।"
शहनाज ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि प्यार छोटी-छोटी चीजों में दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि किसी खास व्यक्ति का आपको भीड़ में भी पहचान लेना और आपके होने का एहसास करना भी प्यार का हिस्सा है। उनके अनुसार, रिश्ते में दिखावे से ज्यादा जरूरी आपसी समझ और सम्मान होता है।
बता दें कि शहनाज गिल का नाम बिग बॉस 13 के दौरान काफी चर्चा में आया था। इसी शो में उनकी मुलाकात अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला से हुई थी। दोनों की दोस्ती और बॉन्डिंग दर्शकों को काफी पसंद आई थी। शो के दौरान दोनों के बीच खास कनेक्शन देखने को मिला, जिसके बाद फैंस उन्हें पसंदीदा जोड़ी के रूप में देखने लगे थे।
हालांकि, सितंबर 2021 में सिद्धार्थ शुक्ला के अचानक निधन ने शहनाज को गहरा सदमा पहुंचाया था। सिद्धार्थ की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई थी। इस घटना के बाद शहनाज काफी समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहीं और खुद को संभालने में समय लगाया। कई मौकों पर उन्होंने सिद्धार्थ को याद भी किया है।
सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद शहनाज ने धीरे-धीरे अपने करियर पर ध्यान देना शुरू किया। सलमान खान ने भी उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने की सलाह दी थी। हालांकि, अभी तक शहनाज ने अपने रिलेशनशिप स्टेटस को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो शहनाज गिल ने बॉलीवुड में साल 2023 में फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' से डेब्यू किया था। इसके बाद वह 'थैंक्यू फॉर कमिंग' और 'इक्क कुड़ी' जैसी फिल्मों में नजर आईं। अब उनकी आने वाली फिल्मों में 'सिंह वर्सेज कौर 2' और 'सब फर्स्ट क्लास' शामिल हैं।
शहनाज गिल की लोकप्रियता सिर्फ हिंदी सिनेमा तक सीमित नहीं है, बल्कि पंजाबी दर्शकों के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ है। अब फैंस उनकी आने वाली फिल्मों का इंतजार कर रहे हैं और देखना होगा कि वह बॉक्स ऑफिस पर कितना प्रभाव छोड़ पाती हैं।





