
नई दिल्ली। मशहूर कॉमेडियन और यूट्यूबर आशीष चंचलानी ने हॉलीवुड निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द ओडिसी' (The Odyssey) का रिलीज से पहले रिव्यू किया है। आशीष ने फिल्म को देखने के बाद सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा किया और इसे ब्लॉकबस्टर बताया। उन्होंने फिल्म के कलाकारों की जमकर तारीफ की, खासतौर पर हॉलीवुड अभिनेता मैट डेमन के अभिनय को शानदार बताया।
आशीष चंचलानी को फिल्म के इनवाइट-ओनली प्रीमियर में शामिल होने का मौका मिला था। फिल्म देखने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने प्रीमियर इवेंट की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "मेरे लिए कितनी खूबसूरत सुबह है।" उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी फिल्म को रिलीज से पहले देखने का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा।
इसके बाद आशीष ने फिल्म के एंड क्रेडिट कार्ड की तस्वीर भी साझा की, जिस पर लिखा था कि फिल्म को क्रिस्टोफर नोलन ने लिखा और निर्देशित किया है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "मेरे पास शब्द नहीं हैं।"
फिल्म देखने के बाद आशीष चंचलानी ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बड़े पर्दे पर फिल्म देखने का असली जादू उन्हें 'द ओडिसी' देखकर महसूस हुआ। उन्होंने बताया कि फिल्म बेहद शानदार बनाई गई है और इसमें ऐसा कोई पल नहीं है, जहां दर्शक बोर महसूस करें।
आशीष ने कहा कि फिल्म में एक्शन, थ्रिलर और हॉरर समेत कई तरह के अनुभव देखने को मिलते हैं। उन्होंने नोलन की फिल्म मेकिंग की तारीफ करते हुए कहा कि निर्देशक ने दर्शकों को बांधे रखने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।
उन्होंने खास तौर पर फिल्म के मुख्य अभिनेता मैट डेमन के प्रदर्शन की तारीफ की। आशीष के मुताबिक, मैट डेमन ने अपने किरदार को बेहद प्रभावी तरीके से निभाया है और उनका अभिनय फिल्म की बड़ी ताकत है।
आशीष ने अपने रिव्यू में यह भी कहा कि फिल्म बड़े पर्दे पर देखने के लिए बनी है। उन्होंने दर्शकों को सलाह दी कि इसे थिएटर में देखने का अनुभव अलग ही होगा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म की टिकट आसानी से मिलने वाली नहीं हैं, क्योंकि इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं।
क्रिस्टोफर नोलन अपनी अनोखी कहानी कहने की शैली और बड़े स्तर की फिल्म मेकिंग के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले उनकी कई फिल्मों ने दुनियाभर में सफलता हासिल की है। ऐसे में 'द ओडिसी' को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।
आशीष चंचलानी के रिव्यू के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक भी उनकी प्रतिक्रिया पर अपनी राय दे रहे हैं। फिल्म की रिलीज के बाद दर्शकों और समीक्षकों की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें रहेंगी।





