मनोरंजन

Indian Army के हीरो की वीरगाथा बड़े पर्दे पर होगी पेश

Kanchan Paikara
23 Jun 2026 4:38 PM IST
Indian Army के हीरो की वीरगाथा बड़े पर्दे पर होगी पेश
x

Mumbai : बॉलीवुड में वॉर फिल्मों की लोकप्रियता एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही है। हाल ही में आई फिल्मों की सफलता के बाद अब निर्माता एक और बड़े प्रोजेक्ट के साथ दर्शकों के बीच आने की तैयारी में हैं। इसी कड़ी में फिल्म Border 3 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है, जो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बॉर्डर 2 की सफलता के बाद निर्माता निधि दत्ता ने जेपी फिल्म्स के बैनर तले कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि वह एक या दो नहीं बल्कि करीब पांच अलग-अलग फिल्मों और प्रोजेक्ट्स की योजना पर काम कर रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा बॉर्डर 3 को लेकर हो रही है, जिसे एक वॉर बायोपिक के रूप में पेश किया जाएगा।

इस फिल्म की कहानी भारतीय सेना के प्रसिद्ध अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल हरबख्श सिंह के जीवन पर आधारित होगी। उन्हें भारतीय सैन्य इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है और उनकी वीरता को इस फिल्म के माध्यम से बड़े पर्दे पर दिखाने की तैयारी है।

हरबख्श सिंह भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी थे, जिन्होंने वेस्टर्न कमांड के कमांडर के रूप में कार्य किया। उन्होंने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व और रणनीति को भारतीय सेना की बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।

बताया जाता है कि उनके निर्णयों और साहसिक कदमों ने कई मौकों पर भारतीय सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से अमृतसर क्षेत्र की सुरक्षा में उनका योगदान काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्हें उनके साहस और नेतृत्व के लिए 1966 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

हरबख्श सिंह का जन्म 1 अक्टूबर 1913 को हुआ था और उन्होंने 14 नवंबर 1999 को दुनिया को अलविदा कहा। उन्हें भारतीय सेना में “पंजाब का रक्षक” भी कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पीछे हटने के आदेशों की बजाय जवाबी कार्रवाई को प्राथमिकता दी थी।

फिल्म बॉर्डर 3 के अलावा भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स की योजना सामने आई है। इनमें भारतीय वायुसेना पर आधारित एक एयर फोर्स ड्रामा फिल्म शामिल है, जो “ऑपरेशन सिंदूर” से प्रेरित बताई जा रही है। इसके अलावा भारतीय इतिहास और माइथोलॉजी पर आधारित एक ट्रेजर हंट फिल्म और लीजेंड्री फिल्म मेकर ओपी दत्ता की जिंदगी पर आधारित एक लंबी सीरीज बनाने की भी योजना है।

फिलहाल दर्शकों की नजरें बॉर्डर 3 पर टिकी हुई हैं, क्योंकि यह फिल्म न केवल एक युद्ध कहानी होगी, बल्कि एक ऐसे महान सैन्य अधिकारी के जीवन को भी दिखाएगी, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Next Story