
मनोरंजन: कन्नड़ सुपरस्टार यश ने बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी की नई फिल्म ‘Baby Do Die Do’ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फिल्म और हुमा के प्रयासों की खुलकर सराहना की है। यह फिल्म थिएटर्स में रिलीज हो चुकी है और इसे नाचिकेत सामंत ने निर्देशित किया है। कहानी बेबी करमारकर नाम की एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बचपन के सदमे से गुजरने के बाद एक खतरनाक कॉन्ट्रैक्ट किलर बन जाती है।
यश ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फिल्म पर रिएक्शन दिया और हुमा कुरैशी की मेहनत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सफलता पाने के लिए आसान रास्ता भी होता है, लेकिन हुमा ने उससे अलग और ज्यादा चुनौतीपूर्ण रास्ता चुना। उनके अनुसार फिल्म बनाना सिर्फ चमक-दमक नहीं होता, बल्कि इसके पीछे कई रातों की मेहनत, बजट की चुनौतियां और कहानी पर भरोसा बनाए रखना शामिल होता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक प्रोड्यूसर के तौर पर किसी प्रोजेक्ट को संभालना आसान नहीं होता, खासकर तब जब पूरे प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी उठानी पड़े। यश ने हुमा के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उनके काम पर गर्व है। उन्होंने पूरी टीम को फिल्म की रिलीज के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
फिल्म की कहानी क्या है
‘Baby Do Die Do’ की कहानी बेबी करमारकर (हुमा कुरैशी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सुन और बोल नहीं सकती, लेकिन एक बेहद खतरनाक कॉन्ट्रैक्ट किलर है। उसका पालन-पोषण अंडरवर्ल्ड डॉन पापा (चंकी पांडे) द्वारा किया गया है। वह एक रियल एस्टेट माफिया जफर (सिकंदर खेर) के लिए काम करती है, लेकिन उसके अंदर अपनी जुड़वां बहन की हत्या का बदला लेने का मिशन छिपा है। फिल्म में एक्शन, डार्क ह्यूमर और इमोशन का मिश्रण देखने को मिलता है। कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, बेबी अपने अतीत से जुड़े कई बड़े सच का सामना करती है, जो उसकी जिंदगी को पूरी तरह बदल देते हैं।
हुमा और यश एक साथ भी आएंगे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो यश और हुमा कुरैशी जल्द ही फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale for Grown Ups’ में साथ नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन गीतु मोहनदास कर रही हैं। फिल्म की कहानी 1940 से 1970 के दशक के बीच गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें यश दोहरी भूमिका निभा रहे हैं, जबकि हुमा एलिजाबेथ के किरदार में दिखाई देंगी। कियारा आडवाणी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं और नादिया का किरदार निभा रही हैं।





