- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- JDA की केंद्रीय राज्य...

x
छग
Bilaspur बिलासपुर: छत्तीसगढ़ जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात कर राज्य में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। डॉक्टरों ने नए मेडिकल रजिस्ट्रेशन नियमों, आउटसोर्सिंग व्यवस्था और स्टाइपेंड वृद्धि सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में राज्य में लागू किए जा रहे नए मेडिकल रजिस्ट्रेशन नियमों पर चिंता जताई। उनका कहना है कि इन नियमों का असर युवा चिकित्सकों के रोजगार, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा पर पड़ सकता है। इसलिए इन नियमों पर पुनर्विचार और आवश्यक संशोधन की मांग की गई।
डॉक्टरों ने स्वास्थ्य विभाग में बढ़ती आउटसोर्सिंग व्यवस्था का भी विरोध किया। उनका कहना है कि संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाओं में नियमित और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि स्थानीय चिकित्सकों के अवसर प्रभावित न हों और सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहे।
इसके अलावा, मेडिकल छात्र, इंटर्न, पीजी, बांडेड डॉक्टर और सुपर स्पेशलिटी रेजिडेंट्स को मिलने वाले स्टाइपेंड और मानदेय को राष्ट्रीय मानकों के अनुसार बढ़ाने की मांग भी रखी गई। डॉक्टरों ने बताया कि कई राज्यों में बेहतर आर्थिक सुविधाएं दी जा रही हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में सुधार की आवश्यकता है।
ज्ञापन में सेवा शर्तों, कार्यस्थल सुरक्षा, पदोन्नति और आवासीय सुविधाओं में सुधार की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बेहतर सुविधाओं से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित स्तर पर समाधान का आश्वासन दिया।
Next Story





