Bihar: पंचायतों के खाली पदों पर जुलाई में उपचुनाव, चुनाव आयोग ने भेजा सरकार को प्रस्ताव

Patna.पटना। राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायतों और ग्राम कचहरी में उपचुनाव कराने के लिए राज्य सरकार से अनुमति मांगी है। आयोग जुलाई में 2635 पदों के लिए उपचुनाव कराने का प्रयास कर रहा है। आयोग ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर पंचायती राज विभाग को भेज दिया है। अनुमति मिलते ही आयोग जल्द ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर जुलाई में मतदान कराएगा। त्रिस्तरीय पंचायतों और ग्राम कचहरी के 2635 पदों के लिए उपचुनाव की तैयारी कर ली गई है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन का काम पूरा हो चुका है। जिन पदों के लिए उपचुनाव होने हैं, उनमें ग्राम पंचायत सदस्य के 840 पद, मुखिया के 63 पद, पंचायत समिति सदस्य के 72 पद, जिला परिषद सदस्य के आठ पद, ग्राम कचहरी पंच के 1569 पद और सरपंच के 83 पद शामिल हैं।
आयोग की रिपोर्ट के अनुसार इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 3358767 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1758892 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1599785 है। इसके अलावा इन निर्वाचन क्षेत्रों में 89 थर्ड जेंडर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि कोई भी मतदाता आयोग की वेबसाइट पर सर्च इलेक्टोरल रोल में जाकर अपने विवरण या ईपीआईसी नंबर के जरिए अपना नाम खोज सकता है। आयोग ने मतदाताओं और उम्मीदवारों के लिए टोल फ्री नंबर 18003457243 जारी किया है, जिसके जरिए जानकारी हासिल की जा सकती है।





