बिहार

Bihar : गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग में चालीस घर जलकर राख

Tara Tandi
16 April 2024 12:26 PM GMT
Bihar : गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग में चालीस घर जलकर राख
x
बिहार : बिहार के बेतिया में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि आग लगने की घटना में 40 घर चलकर राख हो गए। दो परिवारों के घर में बेटी की शादी होनी थी, लेकिन आग ने दोनों परिवारों द्वारा जुटाया गया सामान, कपड़े और तैयारी सब को बर्बाद कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है। यह घटना बगहा पुलिस जिले के बथवरिया थाना क्षेत्र के टेसरहिया बथवरिया गांव की है।
जानकारी के अनुसार, बथवरिया थाना क्षेत्र के टेसरहिया बथवरिया में सोमवार की देर रात अचानक गैस सिलेंडर फट जाने के कारण आग लग गई। सिलेंडर फटने के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। हालांकि सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम और ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि सिलिंडर ब्लास्ट होने से जनार्दन यादव के घर में आग लगी थी। फिर उसके चपेट में वार्ड नंबर 12 के पांच घर आ गए। आग की विकराल लपटों पर काबू पाना बहुत ही मुश्किल हो रहा था। इतने में आग ने वार्ड नंबर 13 के 35 घर भी जला दिए। इधर, जनार्दन यादव के बाद शंभू यादव और सुरेंद्र यादव के घर में रखे सिलेंडर भी फट गए, जिससे स्थिति को संभालना और मुश्किल हो गया। फिर सब कुछ जलकर राख हो गया। इसमें कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है।
आग लगने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रखंड के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि 21 अप्रैल को हरिकिशन यादव की बेटी की शादी थी। तैयारी लगभग पूरी कर ली गई थी। लेकिन आग ने सब कुछ जलाकर राख कर दिया। दूसरी ओर, 23 अप्रैल को धंधार यादव की बेटी की शादी थी।
Next Story