
BIHAR: कैमूर जिले के यूपी-बिहार बॉर्डर पर स्थित कर्मनाशा नदी पुल पर सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। अज्ञात ट्रक के झटके से एक डंपर चालक संतुलन खो बैठा और पुल से नीचे नदी की ओर गिर गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दुर्गावती थाना क्षेत्र के डहला गांव निवासी 32 वर्षीय राजू मल्लाह के रूप में हुई है। वह बालू लोड कर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। जानकारी के अनुसार, रविवार रात उसने खजुरा स्थित कर्मनाशा नदी पुल के पास एनएच-19 पर अपना डंपर खड़ा किया था और वहीं आराम कर रहा था।
ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब तीन बजे वह डंपर से नीचे उतर रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक के झटके से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल से नीचे गिर गया। हादसे के समय उसका भाई भी वाहन में मौजूद था, जिसने शोर मचाकर लोगों को बुलाया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के वाहन चालक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को तत्काल वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पैतृक गांव डहला लाया गया।
शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोग घटना पर दुख जता रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।





