
Etawah इटावा: आनंद विहार से दरभंगा जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस में मंगलवार को आग लगने की सूचना मिलने के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना इटावा रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर मैनपुरी फाटक के पास हुई, जहां ट्रेन को रोका गया। यात्री ट्रेन में लगी आग की अफवाह सुनते ही डर के कारण बाहर उतर गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीएम मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, आग घटना अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 15558 के एस-3 कोच में हुई। कोच के टॉयलेट के डस्टबिन में किसी ने सिगरेट फेंक दी, जिससे धुआं उठने लगा। ट्रेन में लगे फायर अलार्म के चलते गाड़ी को रोकना पड़ा।
मैनपुरी फाटक पर ट्रेन लगभग 15 मिनट तक खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को इटावा रेलवे स्टेशन पर रोककर आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन का निरीक्षण किया और सुनिश्चित किया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। उसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। मीडिया से बातचीत में एसडीएम सदर, विक्रम सिंह राघव ने बताया कि आग केवल कूड़ेदान में लगी थी और यह कोई बड़ी घटना नहीं थी। आग को तुरंत बुझा दिया गया। ट्रेन लगभग 8-10 मिनट तक रुकी रही, उसके बाद रेलवे स्टेशन पर जांच कर आगे भेज दी गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
रेलवे प्रशासन ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को सूचित कर दी है और आगे की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने यात्रियों के बीच अलर्टनेस बढ़ा दी, लेकिन रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। ट्रेन यात्री अपने गंतव्य की ओर सुरक्षित रूप से आगे बढ़ गए।





