छत्तीसगढ़
1000 CCTV, 265 किमी की पड़ताल और बाइक की परछाई! रायपुर में 1.89 करोड़ की आईफोन चोरी का खुलासा; 125 फोन बरामद VIDEO
Shubhra Nandy
26 Nov 2026 9:30 AM IST

x
चार राज्यों तक जांच
रायपुर : राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित आईनेक्स्ट एप्पल स्टोर में हुई करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। जिस वारदात को अंजाम देने में चोरों को महज आठ मिनट लगे, उसके खुलासे के लिए रायपुर पुलिस के 40 जवानों और अधिकारियों को चार राज्यों में जांच करनी पड़ी। करीब 265 किलोमीटर के दायरे में एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया। इस पूरी जांच में एक बाइक की परछाई ऐसा महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई, जिसने पुलिस को मध्य प्रदेश के कंजर गिरोह तक पहुंचा दिया। आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और लगातार पड़ताल के जरिए पुलिस ने चोरी गए 173 आईफोन में से 125 आईफोन बरामद कर लिए हैं। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के मुताबिक, तेलीबांधा स्थित एप्पल स्टोर में हुई चोरी की जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। आरोपियों ने दुकान से बड़ी संख्या में महंगे आईफोन के अलावा स्मार्टवॉच, हेडफोन और सीसीटीवी का डीवीआर भी चोरी कर लिया था। वारदात के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों की पहचान करना और चोरी गए उपकरणों को बरामद करना था।
शुरुआती जांच में दुकान और उसके आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग का अवलोकन किया गया, लेकिन आरोपियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया और राजधानी से बाहर जाने वाले मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की।
8 मिनट में करोड़ों की चोरी
लगातार पड़ताल के दौरान पुलिस को कुम्हारी क्षेत्र में एक संदिग्ध बाइक का फुटेज मिला। बाइक की परछाई से मिले सुराग को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई गई। अलग-अलग स्थानों की रिकॉर्डिंग में मिली समानताओं ने पुलिस को महत्वपूर्ण दिशा दी। इसी क्रम में पुलिस महाराष्ट्र के सकोली क्षेत्र तक पहुंची, जहां जंगल में कई दिनों की तलाश के बाद संदिग्ध बाइक बरामद की गई।
आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी सहारा लिया। सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई एक धुंधली तस्वीर को तकनीकी सहायता से अधिक स्पष्ट करने का प्रयास किया गया। इसके बाद संभावित तस्वीर अन्य राज्यों की पुलिस के साथ साझा की गई। मध्य प्रदेश की देवास पुलिस से मिली जानकारी ने जांच को नई दिशा दी और संदिग्ध गिरोह के सदस्यों की पहचान करने में मदद मिली।
पुलिस की जांच में मध्य प्रदेश के देवास निवासी राजेश सिंह झाला का नाम गिरोह के कथित सरगना के रूप में सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ चोरी सहित 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए रायपुर पुलिस की विशेष टीमों ने दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में जांच की। विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से चोरी के सामान की बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई।
कंजर गिरोह तक पहुंची रायपुर पुलिस
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए कुछ आईफोन कोलकाता के चोर बाजार में बेचे गए थे। चोरी का सामान बेचने में सैफान नामक आरोपी की भूमिका सामने आई है। वित्तीय लेन-देन की जांच के दौरान वारदात के छह दिन बाद कोलकाता से उसके खाते में पांच लाख रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी भी मिली। इसके बाद पुलिस ने संबंधित ठिकानों पर जांच और पूछताछ की। सैफान के विदेश जाने की तैयारी करने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
इस पूरे मामले में रायपुर पुलिस को अब तक 125 आईफोन बरामद करने में सफलता मिली है। शेष मोबाइल फोन की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। तेलीबांधा आईफोन चोरी का खुलासा पुलिस की तकनीकी दक्षता, अंतरराज्यीय समन्वय और लगातार की गई मैदानी पड़ताल का महत्वपूर्ण उदाहरण है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी एक बाइक की परछाई से शुरू हुई जांच ने करोड़ों रुपये की चोरी से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करने में अहम भूमिका निभाई।
Next Story





