छत्तीसगढ़

प्रेम विवाह का खौफनाक अंत! शक में पति ने चाकू-तवे से की पत्नी की हत्या

SHIDDHANT
10 Nov 2026 11:27 PM IST
प्रेम विवाह का खौफनाक अंत! शक में पति ने चाकू-तवे से की पत्नी की हत्या
x
राजनांदगांव हत्या
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चिखली थाना क्षेत्र के शांतिनगर में पति ने मोबाइल पर ज्यादा बातचीत करने के शक में पत्नी की हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी का गला दबाया और फिर लोहे के तवे तथा चाकू से उसके चेहरे, गले और सीने पर कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी ट्रेन से फरार हो गया। पुलिस और साइबर सेल की टीम ने आरोपी लक्की ठाकुर उर्फ विक्की को डोंगरगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मृतका और उसके पति लक्की ठाकुर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से महिला अपने मायके चिखली में रह रही थी। 7 नवंबर की रात मृतका के भाई निखिल शेंडे ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
कपड़े देने के बहाने पहुंचा और कर दी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लक्की ठाकुर कपड़े देने के बहाने पत्नी के घर पहुंचा था। उस समय महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि पुरानी रंजिश और शक के चलते उसने पहले पत्नी का गला दबाया। इसके बाद घर में रखे लोहे के तवे और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक साल पहले डोंगरगढ़ के बड़े मंदिर में उसकी मुलाकात महिला से हुई थी। इसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह किया था। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी मोबाइल पर किसी दूसरे व्यक्ति से ज्यादा बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था।
डोंगरगढ़ से आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी की निगरानी में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को डोंगरगढ़ से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे का तवा भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Next Story